रंगशाला नाट्य संध्या में दर्शकों ने सराहा महिला कलाकारों का बहुआयामी अभिनय
उदयपुर, 3 मई : पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र द्वारा आयोजित मासिक नाट्य संध्या ‘रंगशाला’ के तहत रविवार को शिल्पग्राम स्थित दर्पण सभागार में ‘माधव’ नाटक का प्रभावशाली मंचन हुआ। विशेष बात यह रही कि नाटक के सभी प्रमुख किरदार महिला कलाकारों ने निभाए, जिन्होंने अपने सशक्त अभिनय से दर्शकों को बांधे रखा।
नाटक का निर्देशन कुलविंदर बख्शीश सिंह ने किया, जबकि लेखन आशुतोष द्विवेदी का रहा। मंचन में विनीता जोशी, नॉयरिका, चांदनी श्रीवास्तव और संजना देशमुख ने करीब 40 किरदारों को जीवंत किया। कथा की शुरुआत कर्ण और कृष्ण के संवाद से होती है, जो आगे श्रीकृष्ण के जीवन, द्वारिका स्थापना और उनके अंतर्द्वंद्व को दर्शाती है।
प्रस्तुति में यह संदेश दिया गया कि कृष्ण को केवल पूजा ही नहीं, बल्कि समझना भी आवश्यक है। संगीत ए.आर. रहमान का रहा, जिसे हंसिका अय्यर की आवाज ने और प्रभावशाली बनाया।
खचाखच भरे सभागार में दर्शकों ने तालियों से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। अंत में सभी कलाकारों का सम्मान किया गया।