एसपी डॉ. अमृता दुहान बोलीं— “जागरूक समाज ही सुरक्षित समाज की पहचान”, महिलाओं की सुरक्षा के लिए समन्वित प्रयास तेज
उदयपुर, 22 जुलाई: राजस्थान पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार चलाए जा रहे ‘महिला सुरक्षा संकल्प अभियान’ के तहत उदयपुर पुलिस ने बुधवार को दो महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए। अभियान के तहत एक ओर जिले के 323 सरकारी एवं निजी स्कूलों-कॉलेजों की छात्राओं से ऑनलाइन संवाद किया गया, वहीं दूसरी ओर 15 विभागों के प्रतिनिधियों के साथ स्टेक होल्डर्स बैठक आयोजित कर महिला सुरक्षा और कल्याण योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने की रणनीति बनाई गई।
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहान ने ऑनलाइन संवाद के दौरान छात्राओं से कहा कि “जागरूक समाज ही सुरक्षित समाज की पहचान है।” उन्होंने छात्राओं से किसी भी प्रकार के उत्पीड़न के खिलाफ बेझिझक आवाज उठाने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि उदयपुर पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए हर समय प्रतिबद्ध है।
संवाद में छात्राओं को जेंडर सेंसिटाइजेशन, नए आपराधिक कानून, पॉक्सो एक्ट, गुड टच-बैड टच, कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा (POSH Act), राजकॉप ऐप, गरिमा हेल्पलाइन-1090 तथा साइबर हेल्पलाइन-1930 की जानकारी दी गई। साथ ही कालिका पेट्रोलिंग यूनिट, महिला बीट अधिकारी योजना, सेल्फ डिफेंस और महिला शक्ति आत्मरक्षा प्रशिक्षण योजना के बारे में भी जागरूक किया गया।
इसके बाद कलेक्ट्रेट के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित स्टेक होल्डर्स बैठक में महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवहन, सामाजिक न्याय, वन स्टॉप सेंटर, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सहित 15 विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। एसपी डॉ. दुहान ने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर पीड़ित महिलाओं को त्वरित राहत उपलब्ध कराने और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा केवल पुलिस की नहीं, बल्कि सभी विभागों की साझा जिम्मेदारी है।
बैठक में ये अधिकारी हुए शामिल
बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के एडीजे राहुल चौधरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखमन राय (अभय कमांड एंड कंट्रोल सेंटर), अंजना सुखवाल (पुलिस परामर्श केंद्र), चेतना भाटी (सीआईडी जोन), पुलिस उपाधीक्षक नीतू सिंह (एससी/एसटी सेल), विनय सिंह (साइबर थाना), डीपीएसडब्ल्यू के सूरज परमार, सीएमएचओ कार्यालय से डॉ. कैलाश शर्मा, आईसीडीएस की दीपिका मीणा, पीडी डब्ल्यूईडी के संजय जोशी, वन स्टॉप सेंटर की किरण पटेल, शिक्षा विभाग की किरण बाला जीनगर, श्रम विभाग के मदनलाल जादावत, परामर्शदाता पुष्पलता, सीडब्ल्यूसी अध्यक्ष यशोदा पुनिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में पर्यटन, नाई, भूपालपुरा, सूरजपोल, घंटाघर, सवीना, उदयपुर, धानमंडी, हाथीपोल और हिरणमगरी थाना प्रभारियों सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने भी भाग लिया। सभी अधिकारियों ने महिला सुरक्षा और कल्याण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आपसी समन्वय बढ़ाने तथा त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर सहमति व्यक्त की।