पड़ोसियों और एएसआई पर लगाए गंभीर आरोप
डूंगरपुर, 13 जुलाई: डूंगरपुर जिले के साबला थाना क्षेत्र के धाणी कटारा गांव में 29 वर्षीय युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उसने एक मिनट का वीडियो रिकॉर्ड किया और दो पेज का सुसाइड नोट लिखा, जिसमें अपनी मौत के लिए पड़ोसी परिवार और एक एएसआई को जिम्मेदार ठहराया है। मृतक कीर्ति कुमार के पिता पीटीआई हैं और वर्तमान में जैसलमेर में पदस्थापित हैं। घटना के बाद पुलिस ने वीडियो और सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
वीडियो में कीर्ति कुमार ने कहा कि गांव के ही मुरलीधर कटारा, उसकी पत्नी लक्ष्मी और बेटे सुनील कटारा ने उस पर एक्सीडेंट और एक्सयूवी गाड़ी जलाने के झूठे आरोप लगाए, जिससे वह मानसिक रूप से बेहद परेशान था। उसने कहा कि लगातार प्रताड़ना और बदनामी के कारण वह यह कदम उठा रहा है।
युवक ने वीडियो में एएसआई तखतसिंह पर भी आरोप लगाए। उसने कहा कि एएसआई ने आरोपियों का साथ दिया और उसे न्याय नहीं मिला। साथ ही उसने एसपी से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की अपील की।
चार महीने पहले हुई थी शादी
सुसाइड नोट में कीर्ति ने लिखा कि उसकी शादी चार महीने पहले हुई थी। शादी के बाद से पड़ोसियों के साथ विवाद, गाली-गलौज और झूठे मुकदमों की धमकियों से वह और उसकी पत्नी दोनों तनाव में थे। रविवार को वह घर के पास पेड़ से लटका मिला। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।