उदयपुर, 28 जून: गोवर्धन विलास थाना क्षेत्र स्थित गोवर्धन सागर झील में रविवार सुबह एक 21 वर्षीय युवती ने छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। झील किनारे मौजूद लोगों ने युवती को पानी में कूदते देखा तो तत्काल उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वह गहरे पानी में डूब चुकी थी। सूचना मिलने पर गोवर्धन विलास थाना पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची। सिविल डिफेंस के जवानों ने करीब 10 मिनट की तलाश के बाद युवती का शव झील से बाहर निकाल लिया। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमबी चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाकर परिजनों को सूचना दी है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
थानाधिकारी राजेन्द्र सिंह चारण ने बताया कि मृतका की पहचान शिकारबाड़ी निवासी उषा गमेती (21) पुत्री भेरूलाल गमेती के रूप में हुई है।