सकल दिगंबर जैन समाज ने निष्पक्ष जांच, पीड़ित परिवार की सुरक्षा और डॉ. आनंद गुप्ता पर कार्रवाई की उठाई मांग
उदयपुर, 28 जून: उदयपुर के जेपी ऑर्थोपेडिक हॉस्पिटल में मरीज के इलाज के दौरान हुए विवाद ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। सकल दिगंबर जैन समाज ने रविवार को प्रेस वार्ता कर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) राजस्थान के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. आनंद गुप्ता पर मौके पर पहुंचकर माहौल बिगाड़ने का आरोप लगाया। समाज के पदाधिकारियों ने पुलिस पर डॉक्टरों और आईएमए के दबाव में एकतरफा कार्रवाई करने का आरोप लगाते हुए पूरे प्रकरण की वरिष्ठ पुलिस अधिकारी की निगरानी में निष्पक्ष जांच कराने, पीड़ित परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। समाज ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।
सकल दिगंबर जैन समाज के अध्यक्ष सुमति प्रकाश जैन ने बताया कि 2 जून को सड़क हादसे में घायल कुलदीप जैन को जेपी ऑर्थोपेडिक हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने दोनों हाथों में फ्रैक्चर बताते हुए सामान्य ऑपरेशन की बात कही थी, लेकिन ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत गंभीर हो गई और उसे वेंटिलेटर पर शिफ्ट कर दिया गया। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल प्रशासन ने समय पर मरीज की वास्तविक स्थिति की जानकारी नहीं दी। इसके बाद अस्पताल में तनाव की स्थिति बनी और विवाद बढ़ गया। बाद में मरीज को गंभीर अवस्था में गीतांजलि हॉस्पिटल रेफर किया गया।
महामंत्री रमेश चंद्र कैरोत ने आरोप लगाया कि गीतांजली हॉस्पिटल में इलाज के दौरान जम्बू कुमार जैन को दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराने के बहाने कमरे में बुलाकर कुछ डॉक्टरों और अन्य लोगों ने मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि लक्ष्य जैन को अस्पताल परिसर में रोककर रखा गया और मरीज के पुत्र अक्षत जैन को भी सुरक्षा देने के बजाय पुलिस हिरासत में ले गई। समाज के पदाधिकारी लक्ष्मीलाल बोहरा ने बताया कि सविना थाने में शिकायत दर्ज कराने के बावजूद अब तक स्वतंत्र जांच समिति गठित नहीं की गई है।