प्रेम प्रसंग में युवक का अपहरण कर निर्मम हत्या

Share

पहाड़ी पर मिला शव, विरोध में करणी सेना और समाजजनों का प्रदर्शन; चार संदिग्ध हिरासत में, महिला भी नामजद
उदयपुर, 28 जून:
उदयपुर के सुखेर थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद ने एक व्यक्ति की निर्मम हत्या का रूप ले लिया। मावली निवासी 45 वर्षीय हिम्मत सिंह सोलंकी का कथित रूप से पहले अपहरण किया गया और बाद में धारदार हथियार से हत्या कर शव को पैसिफिक अस्पताल के पीछे स्थित पहाड़ी क्षेत्र में फेंक दिया गया। घटना से आक्रोशित राजपूत करणी सेना और समाज के लोगों ने रविवार को एमबी अस्पताल में जोरदार प्रदर्शन कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की। प्रशासन के साथ वार्ता के बाद मृतक परिवार को सरकारी योजनाओं के तहत पांच लाख रुपये की सहायता तथा एक सदस्य को संविदा पर नौकरी देने पर सहमति बनी, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस के अनुसार 26 जून को हिम्मत सिंह सोलंकी अपनी कार से कैलाशपुरी पहुंचे थे, जहां वे एक महिला का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर की एक सफेद पिकअप ने उनकी कार को टक्कर मार दी। वाहन से उतरे सात-आठ लोगों ने कार के शीशे तोड़ दिए और लाठियों व पत्थरों से हमला कर उन्हें बुरी तरह पीटा। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें जबरन पिकअप में डालकर अपहरण कर लिया। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अगले दिन तलाश अभियान चलाया, जिसमें पैसिफिक अस्पताल के पीछे पहाड़ी क्षेत्र से उनका शव बरामद हुआ।
सुखेर थानाधिकारी भरत योगी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा सामने आया है। पुलिस ने महिला के परिवार और रिश्तेदारों से जुड़े चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। संबंधित महिला को भी मामले में आरोपी बनाया गया है।