सिया गोयल ने बॉयफ्रेंड चेतन को दिखाई थी 5 करोड़ की डेस्टिनेशन वेडिंग की लोकेशन, पुलिस ट्रिप को मान रही अहम कड़ी
उदयपुर, 28 जून: पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में उदयपुर का कनेक्शन सामने आने के बाद मामला और अधिक हाई-प्रोफाइल हो गया है। जांच में खुलासा हुआ है कि मुख्य आरोपी सिया गोयल अपने बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी के साथ उदयपुर आई थी और यहीं उस आलीशान रिसॉर्ट को दिखाया था, जहां उसके मंगेतर केतन अग्रवाल के साथ करीब पांच करोड़ रुपए की डेस्टिनेशन वेडिंग प्रस्तावित थी। पुलिस अब इस बात की गहन पड़ताल कर रही है कि कहीं उदयपुर-जोधपुर ट्रिप के दौरान ही हत्या की साजिश की नींव तो नहीं रखी गई थी।
पुणे पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि सिया गोयल फरवरी में केतन अग्रवाल से सगाई से पहले जनवरी में चेतन चौधरी और अपने दोस्तों के साथ पांच दिन के लिए उदयपुर और जोधपुर घूमने आई थी। इसी दौरान सिया को अरावली की वादियों के बीच स्थित अनंता रिसॉर्ट पसंद आया और उसने बाद में केतन से यहीं शादी करने की इच्छा जताई। केतन ने उसकी इच्छा मानते हुए करीब पांच करोड़ रुपए के बजट वाली शादी के लिए रिसॉर्ट बुक कराया, जिसमें तीन दिन और दो रात का पैकेज लगभग तीन करोड़ रुपए का था।
सिया बॉयफ्रेंड को शादी की लोकेशन दिखाने लाई थी उदयपुर
जांच में यह भी सामने आया कि बाद में सिया अपने बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी को वही शादी की लोकेशन दिखाने फ्लाइट से उदयपुर लेकर आई थी। दोनों उसी दिन लौट गए थे। उदयपुर एयरपोर्ट पर चेतन के परिचितों ने दोनों को साथ देखा था, जिससे उनके साथ आने की पुष्टि हुई। पुलिस के अनुसार चेतन मूल रूप से जोधपुर जिले के बिलाड़ा क्षेत्र के पलासनी गांव का रहने वाला है, जबकि उसका परिवार लंबे समय से पुणे में रह रहा है। पुलिस अब दोनों आरोपियों की मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल, डिजिटल साक्ष्य और यात्रा से जुड़े रिकॉर्ड खंगाल रही है। जांच एजेंसियों को आशंका है कि उदयपुर-जोधपुर प्रवास के दौरान ही दोनों ने केतन अग्रवाल की हत्या की योजना पर चर्चा की हो सकती है।