मृत पैंथर के नाखून काटने के आरोप में युवक गिरफ्तार

Share

उदयपुर, 13 जुलाई: नयागांव उपखंड क्षेत्र के चटोल गांव में मृत पैंथर के नाखून काटने के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। घटना की सूचना मिलने के महज 12 घंटे के भीतर विभागीय टीम ने आरोपी अर्जुनलाल गरासिया को पकड़कर उसके कब्जे से पैंथर के नौ नाखून और नाखून काटने में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर ली। उप वन संरक्षक मुकेश सैनी ने बताया कि शुक्रवार को चटोल गांव में पैंथर का शव मिला था। पोस्टमार्टम के दौरान उसके नाखून गायब मिले, जिससे वन्यजीव अंगों की तस्करी की आशंका बनी। जांच के दौरान आरोपी ने कुल्हाड़ी से नाखून काटने की बात स्वीकार कर ली। वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत मामला दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से पांच दिन की रिमांड पर भेज दिया गया है।

कुएं में मिला युवक का शव, जांच शुरू
राजसमंद, 13 जुलाई: रेलमगरा थाना क्षेत्र के पनोतिया गांव में खेत स्थित एक कुएं से 32 वर्षीय युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची तथा शव को बाहर निकालकर रेलमगरा सामुदायिक अस्पताल पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक की पहचान धर्मराज पुत्र बाबूलाल खटीक के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार वह पिछले करीब तीन माह से शारीरिक और मानसिक रूप से बीमार था। रविवार रात वह घर से लापता हो गया था। सोमवार सुबह खेत के पास उसकी चप्पल और मोबाइल मिलने पर तलाश की गई तो शव कुएं में दिखाई दिया। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दाल-बाटी की पार्टी में पहुंचा तस्कर, गिरफ्तार
बांसवाड़ा, 13 जुलाई: यूरिया खाद की आड़ में 23 क्विंटल से अधिक अवैध अफीम डोडा-चूरा तस्करी मामले में आठ महीने से फरार चल रहे 25 हजार रुपए के इनामी आरोपी को पुलिस ने आखिरकार दबोच लिया। आरोपी लगातार ठिकाने बदलकर और मोबाइल बंद रखकर पुलिस को चकमा देता रहा। एएनटीएफ को सूचना मिली कि वह चूरू के सुजानगढ़ में बहनोई के होटल पर आयोजित दाल-बाटी-चूरमा पार्टी में शामिल होने वाला है। इस पर आनंदपुरी थाना पुलिस और एएनटीएफ ने सादा कपड़ों में निगरानी की। पार्टी खत्म होने के बाद आरोपी जैसे ही बाहर निकला, पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी सोमराज ईशरवाल बिश्नोई पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है।

कीटनाशक के संपर्क में आने से छात्रा की मौत
प्रतापगढ़, 13 जुलाई (ब्यूरो): सुहागपुरा थाना क्षेत्र के झनिया गांव में कीटनाशक दवा के संपर्क में आने से 19 वर्षीय नर्सिंग छात्रा की मौत हो गई। युवती की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां सोमवार सुबह उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार मृतका मनीषा मीणा रविवार को अपने पिता के साथ खेत में कीटनाशक दवा का छिड़काव कर रही थी। शाम को घर लौटने के बाद उसे बेचैनी महसूस होने लगी। देर रात उसकी तबीयत अचानक अधिक बिगड़ गई, जिसके बाद परिजन उसे अस्पताल ले गए। उपचार के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर पोस्टमार्टम कराया और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।