लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा, उपचार के दौरान युवक की मौत; एससी/एसटी एक्ट में मामला दर्ज
चित्तौड़गढ़, 1 अप्रैल: जिले के भूपालसागर थाना क्षेत्र में शिकार पर गए युवकों पर ग्रामीणों के हमले ने एक युवक की जान ले ली। रामाखेड़ा गांव के पास लाठी-डंडों से हुए हमले में गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
पुलिस के अनुसार कपासन की मेवदा कॉलोनी निवासी संजेश कंजर (35) अपने मामा कैलाश, काका जगदीश और चचेरे भाई सत्तू के साथ मंगलवार शाम शिकार के लिए रामाखेड़ा के जंगलों में गए थे। देर रात करीब 1:30 बजे जब चारों युवक मोटरसाइकिल से लौट रहे थे, तभी गांव के पास कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया।
बताया जा रहा है कि ग्रामीणों ने बिना किसी बातचीत के लाठी-डंडों से हमला कर दिया और चारों को बेरहमी से पीटा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
उदयपुर में उपचार के दौरान मौत
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को भूपालसागर अस्पताल ले जाया गया। सत्तू कंजर की हालत गंभीर होने पर उसे चित्तौड़गढ़ से उदयपुर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। शव को महाराणा भूपाल चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस ने संजेश कंजर की रिपोर्ट पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ एससी/एसटी एक्ट में मामला दर्ज किया है। अधिकारियों के अनुसार हत्या की पुष्टि के बाद और गंभीर धाराएं जोड़ी जा सकती हैं।
डीएसपी स्तर पर जांच, आरोपियों की तलाश जारी
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच कपासन डीएसपी हरजीलाल यादव को सौंपी गई है। पुलिस टीम लगातार दबिश देकर हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना के कारणों का खुलासा किया जाएगा।