LOADING

Type to search

सूर्य पर फटा लाखों हाइड्रोजन बमों जितनी ऊर्जा वाला विस्फोट, उदयपुर के वैज्ञानिकों ने खोला रहस्य

National

सूर्य पर फटा लाखों हाइड्रोजन बमों जितनी ऊर्जा वाला विस्फोट, उदयपुर के वैज्ञानिकों ने खोला रहस्य

Share

प्लाज्मा का तापमान 2.2 करोड़ केल्विन तक पहुंचा, शक्तिशाली चुंबकीय परत ने अंतरिक्ष में फैलने से रोका; आदित्य-एल1 और नासा के डेटा से हुआ खुलासा
उदयपुर, 11 नवम्बर:
सूर्य पर 31 अक्टूबर 2024 को हुए एक शक्तिशाली विस्फोट में लाखों हाइड्रोजन बमों के बराबर ऊर्जा निकली थी। इस दौरान प्लाज्मा का तापमान करीब 2.2 करोड़ केल्विन तक पहुंच गया, लेकिन सूर्य के शक्तिशाली चुंबकीय क्षेत्र ने विस्फोट से निकले पदार्थ को अंतरिक्ष में फैलने से रोक दिया। उदयपुर के सौर वेधशाला के तीन वैज्ञानिकों ने भारत के आदित्य-एल1 मिशन और नासा की सोलर डायनैमिक्स ऑब्जर्वेटरी के आंकड़ों का विश्लेषण कर इस घटना का रहस्य उजागर किया है।
204 किमी प्रति सेकेंड थी ढांचे की रफ्तार


यह एक्स-2.0 श्रेणी का सौर विस्फोट था। शोध में सामने आया कि सूर्य के कोरोना में गर्म गैस और चुंबकीय क्षेत्र से बना विशाल ढांचा, जिसे मैग्नेटिक फ्लक्स रोप कहते हैं, 204 किलोमीटर प्रति सेकेंड की गति से ऊपर उठा। लेकिन ऊपर मौजूद चुंबकीय लूप्स की परत ने इसे बाहर निकलने से रोक दिया। परिणामस्वरूप कोरोनल मास इजेक्शन (सीएमई) यानी सूर्य से पदार्थ का विशाल बादल अंतरिक्ष में नहीं पहुंच पाया।
दो चरणों में हुआ विस्फोट
वैज्ञानिकों के अनुसार, विस्फोट दो चरणों में हुआ। पहले चरण में तापमान 1.9 करोड़ केल्विन और तीव्रता एम-4.6 श्रेणी की थी। दूसरे चरण में तापमान 2.2 करोड़ केल्विन तक पहुंचा और विस्फोट एक्स-2.0 श्रेणी का हो गया। मुख्य घटना के करीब 20 मिनट बाद पराबैंगनी प्रकाश में चमक तेज हुई, जो लगभग एक घंटे तक बनी रही।
प्रतिष्ठित जर्नल में प्रकाशित हुआ शोध


शोध डॉ. भुवन जोशी के निर्देशन में विश्व विजय सिंह और डॉ. एनपीएस मिथुन ने किया। अक्टूबर 2026 में यह अमेरिका के प्रतिष्ठित ‘द एस्ट्रोफिजिकल जर्नल’ में प्रकाशित हुआ। डॉ. भुवन जोशी के अनुसार, इस फ्लेयर से निकली ऊर्जा 100 मेगाटन क्षमता वाले लाखों हाइड्रोजन बमों के विस्फोट के बराबर थी। यदि ऐसा सौर पदार्थ पृथ्वी की ओर आता तो उपग्रहों, संचार और बिजली व्यवस्था पर असर डाल सकता था। यह अध्ययन सौर विस्फोटों में चुंबकीय क्षेत्र की निर्णायक भूमिका समझने में महत्वपूर्ण है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *