LOADING

Type to search

बांसवाड़ा में डिलीवरी के बाद एक और प्रसूता की मौत

Health

बांसवाड़ा में डिलीवरी के बाद एक और प्रसूता की मौत

Share

परिजनों ने डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ पर लापरवाही का लगाया आरोप
बांसवाड़ा, 17 जुलाई:
बांसवाड़ा जिले के आनंदपुरी थाना क्षेत्र स्थित गांगड़तलाई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में प्रसव के बाद एक 23 वर्षीय प्रसूता की तबीयत बिगड़ने पर मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ पर समय पर उपचार नहीं देने तथा गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार तेजपुरा निवासी सरला (23) पत्नी रमेश को गुरुवार शाम प्रसव पीड़ा होने पर गांगड़तलाई सीएचसी में भर्ती कराया गया था। रात करीब 12 बजे उसकी पहली संतान का जन्म हुआ, लेकिन कुछ घंटों बाद उसका ब्लड प्रेशर लगातार गिरने लगा और हालत बिगड़ गई।
मृतका के परिजनों का आरोप है कि रात में कई बार ड्यूटी पर मौजूद नर्सिंग स्टाफ को बुलाया गया, लेकिन समय पर कोई उपचार नहीं मिला। उनका कहना है कि स्टाफ के देर से सक्रिय होने के कारण प्रसूता की हालत लगातार गंभीर होती गई।
परिजनों के अनुसार सुबह करीब 6 बजे स्थिति नाजुक होने पर सरला को बांसवाड़ा के महात्मा गांधी (एमजी) अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका के ससुर प्रभु और देवर दिनेश कुमार मईड़ा ने डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *