डॉ. लक्ष्यराज को कलाकार डाभी ने भेंट की विशेष पेंटिंग
Share
उदयपुर (ब्यूरो): उदयपुर की वरिष्ठ कलाकार संतोष डाभी ने अपनी विशेष कलाकृति मेवाड़ राजपरिवार के पूर्व सदस्य डॉ. लक्ष्यराजसिंह मेवाड़ को भेंट की। इस दौरान लक्ष्यराजसिंह ने उनकी कला और समर्पण की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायक बताया। संतोष डाभी पिछले 45 वर्षों से कला क्षेत्र में सक्रिय हैं और उन्होंने बिना किसी औपचारिक प्रशिक्षण के अपनी अलग पहचान बनाई है। लगातार अभ्यास और मेहनत के बल पर उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर कई उपलब्धियां हासिल की हैं। उनका नाम चार बार इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज हो चुका है। इसके अलावा उन्हें उदयपुर रत्न सम्मान सहित कई पुरस्कार मिल चुके हैं। कला के साथ-साथ उन्होंने 25 वर्षों तक अध्यापन कार्य भी किया और विद्यार्थियों को रचनात्मकता के लिए प्रेरित किया। उनकी उपलब्धियों को विमेन इंटरनेशनल वर्ल्ड रिकॉर्ड और इन्फ्लुएंसर बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में भी स्थान मिल चुका है।
दूधतलाई में कूदकर युवक ने दी जान
उदयपुर (ब्यूरो): शहर के दूधतलाई क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक व्यक्ति ने दूधतलाई में कूदकर अपनी जान दे दी। घटना को वहां मौजूद दो लोगों ने देखा और तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलने पर घंटाघर थाना पुलिस और सिविल डिफेंस की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। रात में खोजबीन शुरू की गई, लेकिन अंधेरा अधिक होने और पानी में दृश्यता कम होने के कारण अभियान रोकना पड़ा। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े छह बजे दोबारा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। गोताखोरों ने करीब 15 मिनट की तलाश के बाद शव को बाहर निकाल लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों से संपर्क कर शिनाख्त के प्रयास कर रही है।
ओपन जेल से हत्या का दोषी फरार
चित्तौड़गढ़ (ब्यूरो): चित्तौड़गढ़ जिला कारागृह के अधीन संचालित खुला बंदी शिविर से हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा एक बंदी फरार हो गया। शुक्रवार सुबह रोजाना की तरह बंदियों की गिनती की गई तो एक बंदी कम मिला। दोबारा गिनती और पहचान के बाद पता चला कि उदयपुर जिले के सराड़ा क्षेत्र निवासी ललित उर्फ लाला मीणा जेल से गायब है। इसके बाद जेल प्रशासन ने तुरंत कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। जानकारी के अनुसार बंदी अच्छे व्यवहार के कारण ओपन जेल में रखा गया था और उसे मजदूरी के लिए बाहर जाने की अनुमति थी। जेल अधिकारियों का कहना है कि संभवतः वह सुबह जल्दी बाहर निकला और फरार हो गया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में तलाश शुरू कर दी है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
मंत्री के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन
चित्तौड़गढ़ (ब्यूरो): सहकारिता मंत्री गौतम दक के कथित वायरल ऑडियो को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए मंत्री से सार्वजनिक माफी और इस्तीफे की मांग की। पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह जाड़ावत ने कहा कि यदि ऑडियो एडिटेड होने का दावा किया जा रहा है तो सरकार को इसकी निष्पक्ष जांच करवानी चाहिए। उन्होंने कहा कि मंत्री पद पर रहते हुए किसी भी प्रकार की अभद्र भाषा स्वीकार नहीं की जा सकती। जाड़ावत ने यह भी कहा कि पुलिस और प्रशासन शासन व्यवस्था के अहम हिस्से हैं और उनके खिलाफ अपमानजनक भाषा गलत संदेश देती है। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी और प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया।
चार लाख की अवैध शराब जब्त
डूंगरपुर (ब्यूरो): जिले में चलाए जा रहे ऑपरेशन स्वच्छता अभियान के तहत चौरासी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब चार लाख रुपए की अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है। पुलिस ने बैंजा चौकी के पास स्टेट हाईवे-54 पर नाकाबंदी के दौरान एक पिकअप वाहन को रुकवाकर तलाशी ली। जांच के दौरान वाहन में घरेलू सामान, सिलाई मशीन, पुराने कपड़े और टूटे स्टूल के नीचे छिपाकर रखे गए शराब के 15 कार्टन बरामद हुए। पुलिस ने मौके से चालक आकाश शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी झुंझुनूं जिले का निवासी बताया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि शराब हरियाणा के गुरुग्राम से गुजरात के सूरत ले जाई जा रही थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कार्रवाई में पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
प्रशासन ने रुकवाया बाल विवाह
डूंगरपुर (ब्यूरो): डूंगरसारण गांव में प्रशासन और चाइल्ड हेल्पलाइन की संयुक्त टीम ने समय रहते एक बाल विवाह रुकवा दिया। चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 को सूचना मिली थी कि गांव में नाबालिग दूल्हे का विवाह कराया जा रहा है। सूचना मिलने पर तहसील प्रशासन, कुआ थाना पुलिस और बाल अधिकारिता विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जांच में पाया गया कि विवाह की पूरी तैयारी हो चुकी थी और बारात निकलने वाली थी। अधिकारियों ने दस्तावेजों की जांच की तो दूल्हे की उम्र 20 वर्ष 2 माह निकली, जबकि कानून के अनुसार लड़के की न्यूनतम विवाह आयु 21 वर्ष निर्धारित है। इसके बाद टीम ने तत्काल विवाह रुकवाकर परिजनों को कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। अधिकारियों ने परिवार को भविष्य में निर्धारित आयु से पहले विवाह नहीं करने की हिदायत भी दी।
सूने मकान से जेवर और नकदी चोरी
बांसवाड़ा (ब्यूरो): शहर के मदारेश्वर रोड क्षेत्र में सूने मकान को निशाना बनाकर चोर करीब दो लाख रुपए के जेवर और 20 हजार रुपए नकद चोरी कर ले गए। मकान मालिक मोहम्मद असलम परिवार सहित ईद मनाने मध्यप्रदेश के अमरगढ़ गांव गए हुए थे। इसी दौरान गुरुवार रात चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में घुसे और अलमारी के ताले तोड़ दिए। चोर सोने-चांदी के आभूषण, चांदी के सिक्के और नकदी लेकर फरार हो गए। शुक्रवार सुबह पड़ोसियों ने घर का दरवाजा खुला देखा तो परिवार को सूचना दी। सूचना मिलने पर परिवार घर पहुंचा तो सामान बिखरा पड़ा मिला। कोतवाली थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है।
बांसवाड़ा पहुंचे एडीजीपी रुपिंदर सिंघ
बांसवाड़ा (ब्यूरो): अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस रुपिंदर सिंघ शुक्रवार को दो दिवसीय निरीक्षण पर बांसवाड़ा पहुंचे। एसपी कार्यालय पहुंचने पर पुलिस जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद उन्होंने जिले की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा की। अधिकारियों के साथ हुई बैठक में लंबित मामलों के निस्तारण, अपराधों की रोकथाम और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। एडीजीपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम रहे और अपराधियों में कानून का डर बना रहे। उन्होंने कहा कि राजस्थान पुलिस सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत काम कर रही है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बाद में उन्होंने सीएलजी बैठक में आमजन से संवाद कर यातायात और कानून व्यवस्था को लेकर सुझाव भी लिए।
सड़क हादसे में घायल युवक की मौत
बांसवाड़ा (ब्यूरो): बांसवाड़ा-परतापुर मार्ग पर हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल एबीवीपी के जिला संगठन मंत्री नरेश राठौड़ की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसा गुरुवार दोपहर बजवाना गांव के पास हुआ था, जब तेज रफ्तार क्रेटा कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में नरेश राठौड़ और उनके चचेरे भाई मीर राठौड़ गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दोनों को पहले बांसवाड़ा अस्पताल ले जाया गया, जहां से नरेश की हालत गंभीर होने पर उदयपुर के गीतांजलि हॉस्पिटल रेफर किया गया। शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं मीर राठौड़ का इलाज जारी है और उनके पैर में फ्रैक्चर बताया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
