हाईवे पर पुलिस टीम पर हमला: 3 जवान घायल
Share
लूट की सूचना पर पहुंची टीम पर तलवार-चाकू से वार, 2 आरोपी गिरफ्तार
उदयपुर, 8 अप्रैल: बाघपुरा थाना क्षेत्र में देर रात हाईवे पेट्रोलिंग टीम पर बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। तलवार और चाकू से किए गए हमले में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, वहीं पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
लूट की सूचना पर गई थी पुलिस
हेड कॉन्स्टेबल गिरधारी लाल के अनुसार, रणघाटी क्षेत्र में बदमाशों द्वारा राहगीरों को लूटने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर आरोपियों ने अचानक हमला कर दिया। तीनों पुलिसकर्मी घायल हो गए।
अंधेरे का फायदा उठाकर छिपे, फिर दबोचे आरोपी
पुलिस टीम ने सूझबूझ दिखाते हुए जंगल में छिपकर मौका मिलते ही दो बदमाशों को पकड़ लिया, जबकि एक फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नारायण और मोहन डामोर के रूप में हुई है।
पुलिस ने जानलेवा हमला और राजकार्य में बाधा का मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
