फर्जी पुलिस बन बुजुर्ग दंपती से लूट की कोशिश, सतर्कता से बची वारदात
Share
क्राइम ब्रांच अधिकारी बताकर गहने उतरवाने का बनाया दबाव, भीड़ जुटते ही बाइक छोड़कर फरार हुए बदमाश
उदयपुर, 25 जुलाई: भूपालपुरा थाना क्षेत्र के केशव नगर में तीन बदमाशों ने खुद को क्राइम ब्रांच का पुलिस अधिकारी बताकर एक बुजुर्ग दंपती से सोने के आभूषण ठगने और लूटने का प्रयास किया। हालांकि दंपती की सूझबूझ और लोगों की सतर्कता से बदमाश अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके। भीड़ जुटती देख आरोपी अपनी मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर पैदल फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार बदमाशों ने पहले एक अकेली महिला को निशाना बनाने की कोशिश की, लेकिन वह घर में चली गई। इसके बाद उन्होंने आनंदीलाल चित्तौड़ा और उनकी पत्नी ललिता देवी को जैन मंदिर से लौटते समय रोक लिया। आरोपियों ने इलाके में चेन स्नेचिंग की वारदातों का हवाला देते हुए सुरक्षा के नाम पर सोने की चेन उतारने को कहा।
आनंदीलाल को आरोपियों पर संदेह हुआ तो उन्होंने पुलिस पहचान पत्र मांगा। बदमाशों ने कथित पहचान पत्र दिखाया, लेकिन दंपती ने उनकी बात मानने से इनकार कर दिया। इसी दौरान आसपास के लोग एकत्र हो गए, जिससे घबराकर तीनों आरोपी बाइक छोड़कर फरार हो गए।
भूपालपुरा थाना पुलिस ने मौके से बाइक जब्त कर मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
