भूपाल नोबल्स पब्लिक स्कूल में POCSO एक्ट पर जागरूकता कार्यक्रम
Share
विशेष न्यायाधीश ने विद्यार्थियों को ‘गुड टच-बैड टच’ और कानूनी अधिकारों की दी जानकारी
उदयपुर, 10 अप्रैल: उदयपुर के भूपाल नोबल्स पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को विद्यार्थियों के लिए बाल यौन अपराधों से संरक्षण अधिनियम (POCSO Act) पर एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भ्रष्टाचार न्यायालय की विशेष न्यायाधीश संदीप कौर ने बच्चों को इस महत्वपूर्ण कानून के बारे में सरल भाषा में विस्तार से जानकारी दी।
बच्चों की सुरक्षा के लिए बना है सख्त कानून
न्यायाधीश संदीप कौर ने बताया कि POCSO एक्ट बच्चों को यौन अपराधों से सुरक्षा प्रदान करने के लिए बनाया गया है। यदि कोई व्यक्ति बच्चों के साथ अनुचित व्यवहार करता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाती है।
‘गुड टच-बैड टच’ की दी समझ
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को “अच्छा स्पर्श और बुरा स्पर्श” के बारे में जागरूक किया गया। उन्होंने बच्चों को समझाया कि किसी भी असहज स्थिति में तुरंत अपने माता-पिता, शिक्षक या किसी विश्वसनीय व्यक्ति को जानकारी दें और चुप न रहें।
संवाद और जागरूकता पर जोर
विद्यालय की प्राचार्या डॉ सीमा नरूका ने विद्यार्थियों को इस अभियान के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। साथ ही न्यायाधीश ने अभिभावकों और शिक्षकों से बच्चों के साथ खुलकर संवाद करने और सुरक्षित माहौल देने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में प्रश्न-उत्तर सत्र आयोजित हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। उत्कृष्ट सहभागिता करने वाले छात्रों को मंच पर सम्मानित किया गया तथा अंत में प्राचार्या द्वारा मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया गया।
