LOADING

Type to search

भालू बो रहे हैं भविष्य के जंगल, वैज्ञानिक अध्ययन ने खोला प्रकृति का अनोखा रहस्य

popular

भालू बो रहे हैं भविष्य के जंगल, वैज्ञानिक अध्ययन ने खोला प्रकृति का अनोखा रहस्य

Share

कुंभलगढ़ और टोडगढ़-रावली अभयारण्यों में शोध से सामने आई स्लॉथ भालू की अहम पारिस्थितिक भूमिका
भालू केवल वन्यजीव नहीं, बीजों के संरक्षक और भविष्य के वनों के निर्माता भी

  • डॉ.कमलेश शर्मा
    उदयपुर, 14 जून:
    आमतौर पर भालू को एक वन्यजीव के रूप में देखा जाता है, लेकिन राजस्थान के कुंभलगढ़ एवं टोडगढ़-रावली वन्यजीव अभयारण्यों में हुए एक महत्वपूर्ण वैज्ञानिक अध्ययन ने उनकी एक नई और बेहद महत्वपूर्ण पहचान उजागर की है। अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक पत्रिका बायोट्रोपिका (Biotropica) में प्रकाशित शोध के अनुसार स्लॉथ बेयर (भालू /रीछ) जंगलों के प्राकृतिक माली की भूमिका निभाते हैं और महत्वपूर्ण बीज-वितरक (Seed Disperser) के रूप में वन पुनर्जनन में अहम योगदान देते हैं।
  • भालुओं के भोजन से खुला जंगलों के भविष्य का रहस्य
    भालुओं पर लंबे समय से अध्ययन कर रहे युवा शोधकर्ता डॉ. उत्कर्ष प्रजापति ने भालुओं के भोजन और बीज प्रसार के पैटर्न का विस्तृत अध्ययन किया। इसके लिए भालुओं के मल (स्कैट) का वैज्ञानिक विश्लेषण किया गया ताकि यह समझा जा सके कि वे किन फलों का सेवन करते हैं और उनके द्वारा फैलाए गए बीजों का पौधों के पुनर्जनन पर क्या प्रभाव पड़ता है।
    अध्ययन में पाया गया कि सर्दियों में भालुओं के भोजन में जंगली फलों की मात्रा अधिक रहती है, जबकि गर्मियों में वे मुख्य रूप से दीमक और चींटियों पर निर्भर रहते हैं। यह दर्शाता है कि स्लॉथ भालू मौसम और संसाधनों के अनुसार अपने भोजन में बदलाव करने की अद्भुत क्षमता रखते हैं।
  • भालुओं के पेट से निकलकर अंकुरित हुए नए जंगल
    शोध के दौरान एक अत्यंत रोचक तथ्य सामने आया। कई पौधों के बीज भालुओं के पाचन तंत्र से गुजरने के बाद भी जीवित रहे और उनमें से अनेक बीज सामान्य परिस्थितियों की तुलना में अधिक तेजी से अंकुरित हुए।
    विशेष रूप से फ़राग़ान, बेर, अमलतास, तेंदू तथा जंगली खजूर जैसी देशी वनस्पतियों के बीज भालुओं के मल से सफलतापूर्वक अंकुरित पाए गए। इसका अर्थ है कि भालू इन पौधों के बीजों को लंबी दूरी तक पहुंचाकर उनके प्राकृतिक प्रसार और नए पौधों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
  • ‘बीज-वितरक’ के रूप में निभा रहे हैं अनमोल जिम्मेदारी
    डॉ. उत्कर्ष प्रजापति के अनुसार, “स्लॉथ भालू केवल सर्वहारी वन्यजीव नहीं हैं, बल्कि वे जंगलों के महत्वपूर्ण बीज-वितरक हैं। उनके माध्यम से फलों के बीज दूर-दूर तक पहुंचते हैं, जिससे वनस्पति विविधता बढ़ती है और वनों के दीर्घकालिक संरक्षण को बल मिलता है।”
    विशेषज्ञों का मानना है कि यह प्रक्रिया प्राकृतिक रूप से जंगलों के पुनर्जीवन और पारिस्थितिक संतुलन को बनाए रखने में सहायक है।
  • एक चिंता यह भी: आक्रामक लैंटाना के प्रसार का खतरा
    अध्ययन में एक महत्वपूर्ण चेतावनी भी सामने आई है कि लैंटाना (Lantana camara) नामक विदेशी आक्रामक पौधे के बीज भी भालुओं के मल से निकलने के बाद अंकुरित हो रहे हैं।
    यह संकेत देता है कि भालू अनजाने में इस हानिकारक पौधे के प्रसार में भी भूमिका निभा सकते हैं।
    डॉ. के. एस. गोपी सुंदर और डॉ. विजय कुमार कोली के अनुसार लैंटाना भारत के अनेक वन क्षेत्रों में देशी वनस्पतियों के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है और तेजी से फैलकर स्थानीय प्रजातियों की वृद्धि को प्रभावित करता है।
  • भालुओं का संरक्षण यानी पूरे वन तंत्र की सुरक्षा
    शोधकर्ताका मानना है कि भालुओं और उनके आवासों का संरक्षण केवल एक वन्यजीव की सुरक्षा तक सीमित नहीं है। यह पूरे वन पारिस्थितिकी तंत्र, जैव विविधता और भविष्य के जंगलों के संरक्षण से जुड़ा हुआ विषय है।
    भालुओं की उपस्थिति जंगलों में प्राकृतिक बीज प्रसार की ऐसी प्रक्रिया को बनाए रखती है, जो मानव हस्तक्षेप के बिना वन पुनर्जनन को संभव बनाती है।
    भविष्य के जंगलों की नींव रख रहे हैं भालू
    यह अध्ययन स्पष्ट रूप से दर्शाता है कि स्लॉथ भालू केवल खाद्य श्रृंखला का हिस्सा नहीं हैं, बल्कि वे जंगलों के ऐसे अदृश्य संरक्षक हैं जो बीजों को फैलाकर आने वाली पीढ़ियों के लिए नए वनों की नींव तैयार कर रहे हैं। निश्चय ही भालू केवल जंगल में रहने वाले जीव नहीं, बल्कि जंगलों के प्राकृतिक माली हैं—जो आज बीज बोकर कल के जंगलों का निर्माण कर रहे हैं।
    — अतिरिक्त निदेशक, प्रचार,
    पुलिस मुख्यालय, जयपुर

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *