बीएन यूनिवर्सिटी विवाद: 14 दिन से मैनेजमेंट ऑफिस पर ताले, प्रशासन भी बेबस
Share
उदयपुर, 28 अप्रैल: भूपाल नोबल्स यूनिवर्सिटी में विद्या प्रचारिणी सभा के मैनेजमेंट ऑफिस पर पिछले 14 दिनों से लगे ताले मंगलवार को भी नहीं खुल सके। गिर्वा तहसीलदार श्याम सिंह चारण और डीएसपी सूर्यवीर सिंह मौके पर पहुंचे, लेकिन एडहॉक कमेटी की मांग के बावजूद रजिस्ट्रार, प्रबंध निदेशक और मंत्री कार्यालय के ताले नहीं खुलवाए जा सके। केवल अकाउंट ऑफिस का ताला खोला गया। पदाधिकारियों का कहना है कि कार्यालय बंद होने से यूनिवर्सिटी के प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। विवाद की आशंका को देखते हुए दिनभर पुलिस जाब्ता तैनात रहा, लेकिन समाधान नहीं निकल पाया।
एडहॉक कमेटी के वरिष्ठ सदस्य देवेंद्र शक्तावत ने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि केवल अकाउंट ऑफिस का ताला खोलना समस्या का समाधान नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन पहले चार्ज दिलाने का आश्वासन दे चुका था, लेकिन अब सकारात्मक पहल नहीं दिख रही। कमेटी ने दो दिन और इंतजार करने की बात कही है। वहीं मैनेजमेंट ऑफिस से महत्वपूर्ण दस्तावेज गायब होने का आरोप लगाते हुए भूपालपुरा थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई है। आरोप है कि 14 और 15 अप्रैल को दस्तावेज हटाए गए ताकि ऑडिट प्रक्रिया प्रभावित हो।
दरअसल, पूर्व कार्यकारिणी का कार्यकाल 12 फरवरी को समाप्त हो चुका था। इसके बाद नए सदस्यों को जोड़ने को लेकर विवाद गहराया और मामला कोर्ट पहुंच गया। कोर्ट के निर्देश के बाद प्रधान संरक्षक विश्वराज सिंह मेवाड़ ने एडहॉक कमेटी बनाई थी, जिसे चार्ज लेकर ऑडिट कराने की जिम्मेदारी दी गई। लेकिन वर्तमान कार्यकारिणी चार्ज सौंपने को तैयार नहीं है। इसी टकराव के चलते यूनिवर्सिटी प्रशासनिक गतिरोध में फंस गया है और छात्रों व संस्थान के कामकाज पर असर पड़ने लगा है।
