मोबाइल निकालने झील में उतरा बोट ऑपरेटर, डूबने से मौत
Share
टूरिस्ट के महंगे मोबाइल की तलाश में गई जान, सिविल डिफेंस को भी दिया था 20 हजार रुपए का लालच
उदयपुर, 7 जून: फतहसागर झील में शनिवार देर शाम एक दर्दनाक हादसे में बोट ऑपरेटर की डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एक पर्यटक का महंगा मोबाइल झील में गिर गया था, जिसे निकालने के लिए बोट ऑपरेटर पानी में उतरा, लेकिन वापस बाहर नहीं आ सका। सूचना पर पहुंची सिविल डिफेंस टीम ने करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद शव को जेटी के नीचे से बाहर निकालकर पुलिस को सौंप दिया। मृतक की पहचान 66 वर्षीय सरवैया विनोदभाई निवासी भावनगर (गुजरात) के रूप में हुई है।
पहले सिविल डिफेंस को दिया ऑफर
सिविल डिफेंस सदस्य कैलाश मेनारिया ने बताया कि घटना से कुछ समय पहले गुजरात के एक पर्यटक ने उन्हें फोन कर झील में गिरा मोबाइल निकालने के बदले 20 हजार रुपए देने की पेशकश की थी। मना करने पर उसने अधिकारियों से बात कराने का दबाव भी बनाया, लेकिन उन्होंने निजी कार्य होने का हवाला देकर इनकार कर दिया। कुछ देर बाद झील में एक व्यक्ति के डूबने की सूचना मिली।
जेटी के नीचे फंस गया ऑपरेटर
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बोट ऑपरेटर मोबाइल की तलाश करते हुए जेटी के नीचे पहुंच गया, जहां से बाहर निकलने का रास्ता नहीं मिलने और दम घुटने से उसकी मौत हो गई। घटना के समय मौके पर अन्य लोग भी मौजूद थे, लेकिन किसी ने तत्काल बचाव का प्रयास नहीं किया। अंबामाता थाना पुलिस ने शव को एमबी चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाकर परिजनों को सूचना दे दी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
