बक्से में बंद मिले बुजुर्ग पति-पत्नी के शव, हत्या की आशंका
Share
उदयपुर, 14 अगस्त: सायरा थाना क्षेत्र के पुनावली गांव में शुक्रवार सुबह बुजुर्ग पति-पत्नी के शव उनके घर में बक्से के अंदर मिले। दोनों 12 अगस्त की सुबह से लापता थे। घर से बदबू आने पर परिजनों ने तलाश की। बक्से की तरफ से बदबू आने पर उसे खोला गया तो प्लास्टिक की थैली में दोनों के शव मिले। बक्से के ऊपर बिस्तर रखा हुआ था।
थानाधिकारी शैतान सिंह नाथावत ने बताया कि मृतकों की पहचान लहरीलाल पालीवाल (65) और उनकी पत्नी राधा देवी (62) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि मंगलवार देर रात दोनों की हत्या कर शव बक्से में छिपाए गए। पुलिस संदिग्धों और पड़ोसियों से पूछताछ कर रही है।
दोनों घर में अकेले रहते थे। लहरीलाल दूध बेचते थे। दूध देने नहीं पहुंचने पर पड़ोसी उनके घर गया। दरवाजा खुला मिला, लेकिन दोनों वहां नहीं थे। पड़ोसी ने गुजरात में नौकरी कर रहे बेटे मनोहर को सूचना दी। मनोहर ने रिश्तेदारों से तलाश करवाई और बाद में सायरा पहुंचकर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई।
मनोहर ने बताया कि मंगलवार रात उसकी मां से फोन पर बात हुई थी। इसके बाद बुधवार सुबह दोनों के घर में नहीं होने की जानकारी मिली। गुरुवार को ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर दंपती की तलाश की मांग की थी।
एसपी डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि डॉग स्क्वॉड से जांच कराई जा रही है। घटनास्थल की फोटो और वीडियोग्राफी भी करवाई गई है। शवों पर चोट के निशान और मौत का वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा।

