LOADING

Type to search

दोस्त की शादी में गए डॉक्टर का शव कुएं में मिला, हत्या की आशंका

Local

दोस्त की शादी में गए डॉक्टर का शव कुएं में मिला, हत्या की आशंका

Share

शरीर पर चोट के निशान, मोबाइल-पैंट गायब; परिजनों ने जताई साजिश की आशंका
बांसवाड़ा, 19 अप्रैल:
बांसवाड़ा जिले के एक युवा डॉक्टर का शव प्रतापगढ़ जिले के पीपलखूंट क्षेत्र में कुएं से मिलने से सनसनी फैल गई। डॉक्टर चार दिन पहले अपने दोस्त की शादी में शामिल होने गया था, जिसके बाद से उसका कोई संपर्क नहीं हो पा रहा था। रविवार सुबह उसका शव दोस्त के घर से करीब 500 मीटर दूर एक कुएं में मिला। शरीर पर चोटों के निशान मिलने और मोबाइल-पैंट गायब होने से परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
मृतक की पहचान 28 वर्षीय मोहित मछार, निवासी छोटा डूंगरा, बांसवाड़ा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार मोहित 14 अप्रैल को अपनी बहन के घर बड़ोदिया आया था और 15 अप्रैल को प्रतापगढ़ के बोरी गांव में अपने एमबीबीएस मित्र की शादी में शामिल होने गया था। उसी रात 11 बजे के बाद उसका मोबाइल बंद हो गया और फिर उससे संपर्क नहीं हो सका।
परिजनों ने पहले कलिंजरा थाना और बाद में पीपलखूंट थाने में गुमशुदगी दर्ज करवाई। रविवार सुबह पुलिस को दूल्हे के घर के पास स्थित एक कुएं में मोहित का शव मिला। शव अर्धनग्न अवस्था में था और शरीर पर चोटों के निशान पाए गए। कुएं के बाहर जूते और खून से सनी एक शर्ट मिली, जबकि मोबाइल और पैंट गायब थे।
मृतक के चाचा बलवंत ने आरोप लगाया कि मोहित की हत्या कर शव को कुएं में फेंका गया है। उनका कहना है कि 15 अप्रैल की रात तक मोहित अपने दोस्तों के साथ था, ऐसे में यह घटना संदिग्ध है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बांसवाड़ा के एमजी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारण स्पष्ट होंगे। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी है।
मोहित ने कोटा से एमबीबीएस किया था और वर्तमान में राजसमंद की एक एनजीओ में कार्यरत था। वह पिछले ढाई महीने से उदयपुर-राजसमंद अप-डाउन कर रहा था।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *