दो दिन से लापता छात्रा का शव कुएं में मिला, इलाके में सनसनी
Share
डूंगरपुर, 17 जुलाई : डूंगरपुर जिले के सागवाड़ा थाना क्षेत्र के खड़गदा गांव में दो दिन से लापता 11वीं कक्षा की छात्रा का शव शुक्रवार को खेत स्थित कुएं में मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। खेत पर मोटर चालू करने पहुंचे एक व्यक्ति ने कुएं में शव देखा, जिसके बाद ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव बाहर निकलवाकर सागवाड़ा अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। मृतका की पहचान 17 वर्षीय लक्ष्मी ननोमा के रूप में हुई, जो दो दिन से घर से लापता थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएंगे। घटना के बाद गांव में शोक और चिंता का माहौल है तथा पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर, गंभीर घायल; 108 एंबुलेंस की देरी पर सवाल
उदयपुर, 17 जुलाई: उदयपुर-गोगुंदा हाईवे पर मदारड़ा गांव के समीप अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भीषण था कि बाइक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और युवक के सिर में गंभीर चोट आई। घायल की पहचान रावलिया खुर्द निवासी हिम्मत मेघवाल के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद काफी देर तक 108 एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची, जिससे घायल सड़क किनारे तड़पता रहा। बाद में ग्रामीणों ने निजी वाहन से उसे गोगुंदा अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
