LOADING

Type to search

कुख्यात तस्करों के अवैध साम्राज्य पर चला बुलडोजर

Rajasthan

कुख्यात तस्करों के अवैध साम्राज्य पर चला बुलडोजर

Share

दो बीघा चरागाह भूमि से हटाया कब्जा, जेल में बंद तस्करों के निर्माण ध्वस्त
प्रतापगढ़, 22 जून:
मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत प्रतापगढ़ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो बीघा चरागाह भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को ध्वस्त कर दिया। अरनोद थाना क्षेत्र के देवल्दी गांव में कुख्यात तस्कर जमशेद खान उर्फ जम्मू और उसके भाई याकूब खान द्वारा बनाए गए अवैध फार्म हाउस, पक्की बाउंड्री वॉल और कमरों पर बुलडोजर चलाया गया। दोनों आरोपी वर्तमान में जेल में बंद हैं।
तहसीलदार नितिन मेरावत ने बताया कि जांच में चरागाह भूमि पर अवैध कब्जे की पुष्टि होने के बाद प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। दो जेसीबी मशीनों की सहायता से पूरे अवैध निर्माण को जमींदोज कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।
पुलिस उप अधीक्षक चंद्रशेखर पालीवाल के अनुसार छह माह पहले प्रतापगढ़ पुलिस ने पीपलखूंट के जंगलों में संचालित एक बड़ी एमडी ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया था। इस मामले में जमशेद खान को गिरफ्तार किया गया था, जबकि याकूब खान बाद में पकड़ा गया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों पर एनडीपीएस एक्ट सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
प्रशासन की इस कार्रवाई को अपराधियों की अवैध संपत्तियों पर प्रहार के रूप में देखा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे तत्वों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा, ताकि सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जा सके और अपराधियों के आर्थिक नेटवर्क को तोड़ा जा सके।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *