अमरनाथ से लौट रहे सलूंबर के श्रद्धालुओं की बस में लगी आग, सभी यात्री सुरक्षित निकाले गए
Share
उदयपुर, 17 जुलाई: अमरनाथ यात्रा से लौट रहे राजस्थान के सलूंबर जिले के श्रद्धालुओं की बस जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में आग की चपेट में आ गई। हादसे में बस पूरी तरह जलकर राख हो गई, लेकिन समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि यात्रियों का सामान, नकदी और मोबाइल आग में जल गए।
जानकारी के अनुसार सलूंबर जिले के सराड़ा ब्लॉक के ढाकड़ा गांव के 47 श्रद्धालु दो बसों में 9 जुलाई को अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना हुए थे। गुरुवार शाम दर्शन कर लौटते समय रामबन के करोल क्षेत्र में बस का टायर फट गया। बताया जा रहा है कि टायर फटने के बाद फ्यूल टैंक में आग लग गई और देखते ही देखते पूरी बस आग की लपटों में घिर गई।
पीछे चल रही दूसरी बस में सवार श्रद्धालु देवीलाल डांगी ने बताया कि ट्रैफिक रुकने पर अन्य वाहन चालकों ने बस चालक को आग लगने की सूचना दी। इसके बाद सभी यात्रियों को तत्काल बस से उतार लिया गया। कुछ ही मिनटों में पूरी बस जलकर राख हो गई।
घटना की सूचना पर CRPF और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। CRPF की 84वीं बटालियन के कमांडेंट विजय सिंह खटाना ने बताया कि जवानों ने सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया और फायर टेंडर की मदद से आग पर काबू पाया।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने घटना पर चिंता जताते हुए अधिकारियों को यात्रियों की हरसंभव सहायता तथा उनके सुरक्षित राजस्थान लौटने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। हादसे के बाद यात्रियों को प्रशासन की ओर से राहत उपलब्ध कराई गई और रात में जम्मू में ठहराने की व्यवस्था की गई।
