उदयपुर में नशा तस्कर के घर मिला नोटों का जखीरा
Share
51 लाख नकद और अफीम बरामद
25 वर्षीय आरोपी के घर नोटों का ढेर देखकर पुलिस भी रह गई हैरान
उदयपुर, 17 अप्रैल: उदयपुर जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर के घर से 51 लाख 65 हजार रुपए नकद और 878 ग्राम अवैध अफीम बरामद की है। घासा थाना क्षेत्र के डिगरकिया गांव में हुई इस कार्रवाई के दौरान आरोपी के घर से नोटों का ढेर देखकर पुलिस टीम भी दंग रह गई।
एएनटीएफ आईजी विकास कुमार ने बताया कि टीम को सूचना मिली थी कि डिगरकिया निवासी राजू पाटीदार अपने घर में भारी मात्रा में नशा छिपाकर रखे हुए है और बड़ी खेप सप्लाई करने की तैयारी में है। सूचना के आधार पर एएनटीएफ और घासा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी के घर दबिश दी।
पुलिस टीम के पहुंचते ही आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी के चलते उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान घर में अलग-अलग स्थानों पर रखी नकदी की गड्डियां बरामद हुईं। गिनती करने पर यह राशि 51.65 लाख रुपए निकली। पुलिस के अनुसार यह रकम नशे के अवैध कारोबार से अर्जित की गई थी। साथ ही 878 ग्राम अवैध अफीम भी जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 25 वर्षीय राजू पाटीदार पुत्र फतहलाल पाटीदार के रूप में हुई है। इतनी कम उम्र में आरोपी द्वारा नशे का बड़ा नेटवर्क खड़ा कर लेने की बात सामने आने पर पुलिस भी हैरान है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि वह अफीम कहां से लाता था तथा उसके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। अधिकारियों को उम्मीद है कि पूछताछ में नशे के इस अवैध कारोबार से जुड़े कई अन्य नाम भी सामने आ सकते हैं।
