LOADING

Type to search

एनसीसी शिक्षक पर छात्रा के अपहरण-गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज

crime

एनसीसी शिक्षक पर छात्रा के अपहरण-गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज

Share

परिजनों का आरोप- बिना जानकारी बेटी को स्विमिंग के लिए ले गया शिक्षक, सुरक्षा उपकरण भी नहीं थे
उदयपुर, 22 सितम्बर:
उदयपुर में 19 सितंबर को पैराडाइज लेक में डूबने से हुई एनसीसी कैडेट छात्रा वैभवी राजोरा की मौत के मामले में नया मोड़ आया है। छात्रा के परिजनों ने एनसीसी शिक्षक गोविंद शर्मा के खिलाफ अपहरण और गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कराया है। परिजनों का आरोप है कि शिक्षक बिना किसी आधिकारिक आदेश और उन्हें जानकारी दिए वैभवी को स्विमिंग के लिए पैराडाइज लेक लेकर गया था। इस दौरान सुरक्षा के लिए कोई उपकरण भी मौजूद नहीं थे।
परिजनों ने गोवर्धन विलास थाना पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि शिक्षक ने उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और उसे अकेले पानी में तैरने के लिए उतार दिया। शिक्षक की कथित लापरवाही के कारण वैभवी की पानी में डूबने से मौत हुई। परिजनों ने जिलास्तरीय एनसीसी कार्यालय से भी यह जांच कराने की मांग की है कि छात्रा को स्विमिंग ट्रेनिंग के लिए ले जाने संबंधी कोई आधिकारिक आदेश जारी हुआ था या नहीं।
नेवी कैंप की तैयारी कर रही थी वैभवी
पुलिस के अनुसार सांवरियाजी निवासी वैभवी राजोरा (21) शहर के एक निजी कॉलेज में बीएससी तृतीय वर्ष की छात्रा थी और एनसीसी कैडेट भी थी। वह नेवी कैंप की तैयारी कर रही थी। 19 सितंबर को सुबह करीब 10:30 बजे एनसीसी शिक्षक गोविंद शर्मा उसे लई गांव स्थित पैराडाइज लेक लेकर गया था। वहां तैरने के दौरान वैभवी पानी में डूब गई। शिक्षक ने छात्रा को पानी से बाहर निकाला और एमबी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
छुट्टी के दिन निजी वाहन से ले जाने पर उठाए सवाल
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे थे। छात्रा के परिजनों ने शिक्षक पर गंभीर आरोप लगाते हुए थाने और मोर्चरी के बाहर हंगामा किया था। उनका सवाल था कि छुट्टी के दिन शिक्षक वैभवी को हॉस्टल से अपने निजी वाहन में लई गांव स्थित झील पर क्यों लेकर गया था। अब एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस मामले में शिक्षक की भूमिका, छात्रा को ले जाने के उद्देश्य, कथित प्रशिक्षण के आदेश और सुरक्षा इंतजामों से जुड़े तथ्यों की जांच करेगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *