पटाखों की दुकान में आग लगाने की वारदात CCTV में कैद, बड़ा हादसा टला
Share
उदयपुर, 4 मई: शहर के सबसिटी सेंटर क्षेत्र में रविवार रात बदमाशों ने पेट्रोल डालकर पटाखों की दुकान में आग लगा दी। घटना का CCTV वीडियो सामने आया है, जिसमें आरोपी शटर के बाहर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाते और फिर बाइक से फरार होते नजर आ रहे हैं। गनीमत रही कि आग दुकान के अंदर रखे पटाखों तक नहीं पहुंची, वरना बड़ा विस्फोट हो सकता था।
घटना रात करीब 8:40 बजे की है। आग धीरे-धीरे काउंटर की ओर बढ़ रही थी, तभी आसपास के दुकानदारों और राहगीरों ने समय रहते दुकान मालिक लोकेश लालवानी को सूचना दी। मौके पर पहुंचे मालिक और स्थानीय लोगों ने मिलकर पानी व अन्य साधनों से आग पर काबू पाया। दुकान में करीब 50 लाख रुपए के पटाखे भरे थे, जबकि आसपास एक दर्जन से अधिक पटाखों की दुकानें और गोदाम मौजूद हैं।
लोकेश लालवानी ने बताया कि CCTV फुटेज में उमेश कनारिया अपने दो साथियों के साथ बाइक पर आता दिख रहा है। वह पेट्रोल छिड़ककर माचिस से आग लगाता है और फरार हो जाता है। उन्होंने आपसी रंजिश को घटना का कारण बताया है।
व्यापारियों ने इलाके में शराबियों के जमावड़े और पुलिस की निष्क्रियता पर नाराजगी जताई है। हिरणमगरी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
