उदयपुर ‘वीडियो कांड’ में चार्जशीट पेश, मेमोरी कार्ड में 20 से ज्यादा क्लिप बरामद
Share
चार्जशीट में 80 दस्तावेजों और 12 गवाहों का उल्लेख
उदयपुर, 29 मार्च: बीजेपी की एक महिला नेता से जुड़े कथित वीडियो कांड में पुलिस ने बड़ा कदम उठाते हुए कोर्ट में चार्जशीट पेश कर दी है। जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं, जिनमें हिडन कैमरे से रिकॉर्डिंग और दर्जनों वीडियो क्लिप मिलने का खुलासा हुआ है।
उदयपुर के चर्चित ‘उदयपुर फाइल्स’ वीडियो कांड में भूपालपुरा थाना पुलिस ने एसीजेएम-4 कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी है। FIR दर्ज होने और आरोपी की गिरफ्तारी के 44 दिन बाद 27 मार्च को पेश की गई चार्जशीट में कई अहम खुलासे किए गए हैं।
जांच अधिकारी डीएसपी गोपाल चंदेल के अनुसार आरोपी के मोबाइल और मेमोरी कार्ड से 12 अलग-अलग फोल्डर में 2 दर्जन से अधिक वीडियो क्लिप बरामद हुई हैं। ये सभी वीडियो आरोपी के ऑफिस में लगाए गए हिडन कैमरे से रिकॉर्ड किए गए बताए गए हैं। 32 जीबी के मेमोरी कार्ड में ऑडियो-विजुअल सहित कई आपत्तिजनक वीडियो मिले हैं।
AI थ्योरी को नहीं मिला कोई आधार
शुरुआती शिकायत में वीडियो को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से तैयार कर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया गया था, लेकिन जांच में इसका कोई प्रमाण नहीं मिला। चार्जशीट में कहीं भी AI से जुड़े वीडियो का उल्लेख नहीं किया गया है।
जासूसी कैमरा बेचने वाला बना गवाह
पुलिस ने मामले में उस दुकानदार को भी गवाह बनाया है, जिसने आरोपी को डिजिटल घड़ी में फिट होने वाला हिडन कैमरा बेचा था। जांच में सामने आया कि आरोपी ने नवंबर 2025 में यह डिवाइस खरीदा और खुद ही कैमरे का एंगल सेट कर रिकॉर्डिंग की। चार्जशीट में 80 दस्तावेजों और 12 गवाहों का उल्लेख है। हालांकि कुल वीडियो की संख्या स्पष्ट नहीं है। पुलिस अब वीडियो में दिख रहे अन्य व्यक्ति की पहचान और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।
