स्वच्छता से बनेगा विकसित राजस्थान: केके. गुप्ता
Share
जयपुर, 15 अप्रैल: राजस्थान में स्वच्छता के ब्रांड एम्बेसडर के.के. गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान निरंतर प्रगति पथ पर अग्रसर है और स्वच्छ भारत मिशन इस विकास की आधारशिला है। वे श्रीगंगानगर जिले की नगर निकायों की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे।
स्वच्छता से विकास की राह
गुप्ता ने कहा कि स्वच्छ और सुंदर वातावरण ही विकसित राजस्थान का आधार है। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में स्वच्छ भारत मिशन को प्राथमिकता देते हुए राज्यभर में अभियान को जनआंदोलन का रूप दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि “राइजिंग राजस्थान” जैसे आयोजनों से प्रदेश में बड़े निवेश आए हैं, जो विकास को गति देंगे।
निकायों की होगी ग्रेडिंग
उन्होंने सभी नगर निकायों को स्वच्छता कार्यों के आधार पर A, B, C और D श्रेणियों में विभाजित करने की बात कही। बेहतर प्रदर्शन करने वालों को प्रोत्साहन और कमजोर निकायों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पांच बिंदुओं पर विशेष फोकस
गुप्ता ने घर-घर कचरा संग्रहण, नाइट स्वीपिंग, सार्वजनिक शौचालयों की नियमित सफाई, प्लास्टिक पर रोक और खाली प्लॉट्स की साफ-सफाई को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। साथ ही स्ट्रीट लाइट, बाग-बगीचों की देखरेख और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए भी दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान अब केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा आंदोलन बन चुका है और आने वाले सर्वेक्षण में राजस्थान को देश में अव्वल लाने का लक्ष्य रखा गया है।
