पैराडाइज लेक में कॉलेज छात्रा डूबी, मौत
Share
परिजनों का थाने पर प्रदर्शन, बोले- छुट्टी के दिन एनसीसी कैडेट तैराकी के लिए क्यों ले गया
उदयपुर, 19 सितम्बर : गोवर्धन विलास थाना क्षेत्र स्थित पैराडाइज लेक में डूबने से बीएन कॉलेज की 19 वर्षीय छात्रा वैभवी राजोरा की मौत हो गई। घटना के बाद मृतका के परिजनों और तैलिक साहू समाज के लोगों ने गोवर्धन विलास थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
मृतका की पहचान भैरूलाल राजोरा की पुत्री वैभवी राजोरा (19) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से मंडफिया-भादसोड़ा की रहने वाली थी। परिजनों के अनुसार, वैभवी को एनसीसी कैडेट गोविंद शर्मा छुट्टी के दिन पैराडाइज लेक में तैराकी के लिए लेकर गया था। परिजनों ने सवाल उठाया कि छुट्टी के दिन उसे वहां क्यों ले जाया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हादसे के बाद परिवार को तत्काल सूचना नहीं दी गई। सूचना मिलने में हुई देरी को लेकर परिजनों ने संदेह जताते हुए पूरे घटनाक्रम की जांच की मांग की।
पैराडाइज लेक गोवर्धन विलास क्षेत्र में स्थित बंद पड़ी माइंस है। बताया गया कि वैभवी अपने दोस्त के साथ वहां गई थी। डूबने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को एमबी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
घटना के बाद तैलिक साहू समाज के लोग और परिजन गोवर्धन विलास थाने पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और हादसे की परिस्थितियों को स्पष्ट करने की मांग की। पुलिस परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। जांच के बाद ही घटनाक्रम की पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।

