राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर कांग्रेस का प्रदर्शन, दोषियों के नाम सार्वजनिक करने की मांग
Share
शहर में निकाली विरोध रैली, निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की उठाई मांग
उदयपुर, 25 जुलाई: राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण को लेकर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने शनिवार को शहर अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ के नेतृत्व में विरोध रैली निकाली। रैली जगदीश चौक से शुरू होकर घंटाघर, बड़ा बाजार, भड़भूजा घाटी, मंडी की नाल, धानमंडी, हनुमान चौक, तीज का चौक होते हुए दिल्ली गेट तक पहुंची।
रैली के दौरान कांग्रेस नेताओं ने मामले की निष्पक्ष एवं संपूर्ण जांच, चोरी की घटना का खुलासा तथा इसमें शामिल सभी दोषियों के नाम सार्वजनिक कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। सभा को संबोधित करते हुए फतह सिंह राठौड़ ने कहा कि दोषी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसका नाम सामने लाकर कानून के अनुसार सजा दी जानी चाहिए। उन्होंने मंदिर प्रबंधन में राजनीतिक हस्तक्षेप समाप्त करने की भी मांग उठाई।
जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री दिनेश कुमार दवे ने बताया कि रैली को सुरेश श्रीमाली, ताराचंद मीणा, त्रिलोक पूर्बिया, गोपाल कृष्ण शर्मा, पंकज कुमार शर्मा सहित कई नेताओं ने संबोधित किया। रैली में कांग्रेस के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए। हालांकि, अपेक्षा के मुकाबले कार्यकर्ताओं की संख्या कम रहने को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा भी रही।
