LOADING

Type to search

कोर्ट का रीडर 40 हजार की रिश्वत लेते पकड़ा, होमगार्ड ड्राइवर भी गिरफ्तार

crime

कोर्ट का रीडर 40 हजार की रिश्वत लेते पकड़ा, होमगार्ड ड्राइवर भी गिरफ्तार

Share

जमानत खारिज नहीं कराने और केस में मदद के नाम पर मांगे थे 1 लाख, 70 हजार में सौदा; 30 हजार पहले ले चुके थे
बांसवाड़ा, 12 अक्टूबर:
बांसवाड़ा में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) कोर्ट के लिपिक ग्रेड प्रथम (रीडर) और एक होमगार्ड ड्राइवर को 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपियों ने शिकायतकर्ता से जमानत खारिज नहीं कराने, विचाराधीन मुकदमे में मदद करने और सजा नहीं होने देने के नाम पर 1 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। बाद में 70 हजार रुपए में सौदा तय हुआ था।
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने 30 हजार रुपए पहले ही ले लिए थे। इसके बाद एसीबी को शिकायत दी गई। 11 अक्टूबर को शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें सीजेएम कोर्ट के रीडर संदीप कुमार नानावटी और उसके लिए मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे होमगार्ड चालक राहुल चंदेल द्वारा 40 हजार रुपए की रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। सत्यापन के दौरान दोनों ने शिकायतकर्ता से खर्चा-पानी के नाम पर 2 हजार रुपए भी लिए थे।
सोमवार को एसीबी उदयपुर रेंज के पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित के सुपरविजन और बांसवाड़ा इकाई के डीएसपी रतन सिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की गई। टीम ने होमगार्ड चालक राहुल चंदेल को रीडर संदीप कुमार नानावटी के लिए शिकायतकर्ता से 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। मामले में मुख्य साजिशकर्ता और भूमिका पाए जाने पर रीडर संदीप कुमार नानावटी को भी गिरफ्तार किया गया।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव और आईजी एस. परिमला के निर्देशन में दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। आरोपियों के ठिकानों पर तलाशी की कार्रवाई भी जारी है।

Tags:

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *