कर्ज ने बनाया कातिल: बेटे ने कुल्हाड़ी से पिता को काट डाला
Share
छत से गिरने की सुनाई झूठी कहानी, चिता पर सिर का घाव दिखा तो खुला हत्या का राज
डूंगरपुर, 29 अगस्त: डूंगरपुर के सागवाड़ा थाना क्षेत्र में कर्ज के बोझ और जमीन बेचने की जिद ने एक बेटे को अपने ही पिता का हत्यारा बना दिया। आरोपी ने 82 वर्षीय पिता की कुल्हाड़ी से हत्या करने के बाद वारदात को हादसा बताने के लिए छत से गिरने की झूठी कहानी गढ़ दी। लेकिन अंतिम संस्कार के दौरान सिर पर धारदार हथियार के घाव दिखाई देने से पूरा राज खुल गया। पुलिस ने आरोपी बेटे कांतिलाल को गिरफ्तार कर लिया है।

अस्पताल ले जाकर बताया था छत से गिरने की कहानी
सागवाड़ा थानाधिकारी मनीष खोईवाल ने बताया कि गोवाड़ी निवासी कांतिलाल 27 अगस्त की रात करीब 10 बजे अपने पिता गौतमलाल यादव को गंभीर घायल हालत में सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचा। उसने डॉक्टरों और परिजनों को बताया कि पिता घर की छत से गिर गए हैं। उपचार के दौरान गौतमलाल की मौत हो गई। परिजन शव को घर ले आए और अगले दिन अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट ले गए।
चिता पर ले जाने से पहले सिर के घाव ने खोला राज
श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार की रस्म के दौरान जब मृतक के सिर पर बंधी पट्टियां खोली गईं तो वहां मौजूद लोगों ने सिर पर गहरे धारदार हथियार के घाव देखे। ग्रामीणों को मामला संदिग्ध लगा और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। रिपोर्ट में सिर पर धारदार हथियार से हमला किए जाने की पुष्टि हुई।
पूछताछ में कबूला जुर्म, 3-4 वार किए
पुलिस ने संदेह के आधार पर कांतिलाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने पिता के सिर पर कुल्हाड़ी से 3-4 वार करना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि कार्रवाई से बचने के लिए उसने छत से गिरने की कहानी बनाई थी।
जमीन बेचने से रोक रहे थे पिता
पुलिस के अनुसार आरोपी पर भारी कर्ज था और वह कर्ज चुकाने के लिए पारिवारिक जमीन बेचना चाहता था। पिता जमीन बेचने का विरोध कर रहे थे। इसी विवाद और कर्ज के दबाव में आरोपी ने पिता की हत्या कर दी। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

