LOADING

Type to search

दिनेश भट्ट बने उदयपुर के उपमहापौर

political

दिनेश भट्ट बने उदयपुर के उपमहापौर

Share

मेयर से एक वोट अधिक लाए, 56 मत मिले; कांग्रेस के लक्ष्मीनारायण अग्रवाल को 24 वोट
उदयपुर, 22 सितम्बर:
उदयपुर नगर निगम में महापौर के बाद अब उपमहापौर पद पर भी भाजपा ने कब्जा जमा लिया है। मंगलवार को हुए उपमहापौर चुनाव में भाजपा प्रत्याशी एवं पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश भट्ट ने 56 मत हासिल कर जीत दर्ज की। कांग्रेस प्रत्याशी लक्ष्मीनारायण अग्रवाल को 24 मत मिले। निगम के सभी 80 पार्षदों ने मतदान किया और सभी मत वैध रहे। परिणाम घोषित होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया।
दिनेश भट्ट पहली बार चुनाव मैदान में उतरे थे। जीत के बाद उन्होंने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और संगठन के पदाधिकारियों का आभार जताते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसका ऋण विकास कार्यों के जरिए चुकाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता उदयपुर की झीलों और सड़कों से जुड़े कार्यों को गति देना तथा शहर को कचरा मुक्त बनाना रहेगी।
रोजगार, पर्यटन और स्वच्छता पर रहेगा जोर
नवनिर्वाचित उपमहापौर ने कहा कि युवाओं के रोजगार, पर्यटन, साफ-सफाई और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। महापौर पारस सिंघवी के साथ मिलकर शहर के विकास को गति देने का प्रयास रहेगा। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याएं सीधे उन तक पहुंचाने के लिए संपर्क नंबर उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की जाएगी।
विपक्ष के सहयोग को लेकर भट्ट ने कहा कि भाजपा ‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना में विश्वास करती है। विपक्ष की भूमिका सकारात्मक रही तो उसे साथ लेकर उदयपुर के विकास के लिए काम किया जाएगा।
23 सितंबर को पदभार ग्रहण और आभार रैली
भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ ने बताया कि नवनिर्वाचित महापौर पारस सिंघवी और उपमहापौर दिनेश भट्ट बुधवार 23 सितंबर को सुबह 11 बजे शुभ मुहूर्त में पदभार ग्रहण करेंगे। इसके बाद 80 पार्षदों, कार्यकर्ताओं और आमजन के साथ आभार रैली निकाली जाएगी। रैली टाउन हॉल से शुरू होकर सूरजपोल, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सर्कल, झीनीरेत, मुखर्जी चौक, बड़ा बाजार, घंटाघर, मोती चौहट्टा, हाथीपोल, अश्विनी बाजार, देहलीगेट और बापूबाजार होते हुए टाउन हॉल पहुंचेगी। इस दौरान डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। कार्यक्रम के बाद स्वामी वात्सल्य का आयोजन होगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *