ईद मिलादुन्नबी के जुलूस में फर्रियां उड़ाने पर विवाद, दो पक्ष आमने-सामने
Share
हिंदू देवी-देवताओं के चित्र वाली फर्रियों को लेकर पहले जताई गई थी आपत्ति, दोबारा उड़ाए जाने पर बढ़ा तनाव; संवेदनशील इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
उदयपुर, 26 अगस्त: ईद मिलादुन्नबी के मौके पर बुधवार को चित्तौड़गढ़ में निकाले जा रहे जुलूस के दौरान फर्रियां उड़ाने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि जुलूस में उड़ाई जा रही कुछ फर्रियों पर हिंदू देवी-देवताओं के चित्र बने हुए थे। इसे लेकर हिंदू संगठनों ने पहले ही प्रशासन के समक्ष आपत्ति जताते हुए ऐसी फर्रियां उड़ाने पर रोक लगाने की मांग की थी। इसके बावजूद दोबारा फर्रियां उड़ाए जाने के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और संवेदनशील इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।
पहले ही प्रशासन से की गई थी शिकायत
जानकारी के अनुसार जुलूस से पहले हिंदू संगठनों ने प्रशासन को फर्रियों पर हिंदू देवी-देवताओं के चित्र होने की जानकारी दी थी। संगठनों की मांग थी कि जुलूस के दौरान ऐसी फर्रियां नहीं उड़ाई जाए। बुधवार को संवेदनशील इलाके से जुलूस गुजरने के दौरान दोबारा फर्रियां उड़ाए जाने पर विवाद बढ़ गया।
आमने-सामने आए दोनों पक्ष
फरिया उड़ाए जाने के बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते मौके पर तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त जाप्ता तैनात कर दिया।
पुलिस छावनी में तब्दील हुआ संवेदनशील इलाका
विवाद के बाद पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है। अधिकारी क्षेत्र की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रहे हैं। प्रशासन की कोशिश है कि स्थिति दोबारा तनावपूर्ण न हो और किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं हो। फिलहाल स्थिति पुलिस के नियंत्रण में बताई गई है।

