LOADING

Type to search

अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं, सेक्टर-4 की मुख्य सड़क दो दिन में होगी अतिक्रमण मुक्त

Rajasthan

अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं, सेक्टर-4 की मुख्य सड़क दो दिन में होगी अतिक्रमण मुक्त

Share

मेयर पारस सिंघवी ने कहा- झील, सड़क और पेयजल व्यवस्था प्राथमिकता; 48 घंटे में जलापूर्ति पर विचार
उदयपुर, 28 सितंबर।
नगर निगम के नवनिर्वाचित महापौर पारस सिंघवी ने कहा कि शहर में किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फुटपाथ और सड़कों पर किए गए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। सेक्टर-4 की मुख्य सड़क पर किए गए अतिक्रमण को दो दिन में हटाने की बात भी उन्होंने कही। सिंघवी भाजपा शहर जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ के साथ प्रेस वार्ता में बोल रहे थे।
सिंघवी ने कहा कि शहर की जनता ने भाजपा को सातवीं बार नगर निगम की सत्ता सौंपी है। उनकी प्राथमिकता झीलों और सड़कों से जुड़े कार्य हैं। सभी 80 पार्षदों को साथ लेकर वार्ड स्तर तक विकास कार्य करवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जनता को अपने काम के लिए नगर निगम के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
48 घंटे में जलापूर्ति पर विचार
72 घंटे के अंतराल से हो रही पेयजल आपूर्ति के संबंध में सिंघवी ने कहा कि अधिकारियों से चर्चा की जा रही है। 48 घंटे में पानी उपलब्ध कराने का प्रयास है। इसके लिए आपूर्ति का समय कम कर दबाव के साथ पानी देने की व्यवस्था पर भी विचार किया जा रहा है।
आयड़ को फिर सुंदर बनाने की तैयारी
आयड़ नदी को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए स्वयंसेवी संस्थाओं से चर्चा की जाएगी। सिंघवी ने कहा कि पूर्व जनप्रतिनिधियों के प्रयासों में रही कमियों को दूर किया जाएगा। नदी क्षेत्र में लगाए गए पेड़ों से अपेक्षित लाभ नहीं मिलने की भी समीक्षा होगी।
एलिवेटेड रोड के कर्व की तकनीकी समस्या दूर होगी
एलिवेटेड रोड के 90 डिग्री के कर्व को लेकर सिंघवी ने कहा कि जहां तकनीकी समस्या सामने आ रही है, वहां अधिकारियों के साथ चर्चा कर समाधान कराया जाएगा। भाजपा शहर जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ ने कांग्रेस पर चुनाव हारने के बाद ईवीएम और संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने का आरोप लगाया। उन्होंने चुनाव आयोग के स्पष्टीकरण के बाद कांग्रेस नेतृत्व से बिना शर्त माफी मांगने की मांग की।
ये रहे मौजूद
प्रेस वार्ता में उपमहापौर दिनेश भट्ट, महामंत्री देवीलाल सालवी, पूर्व विधायक बंशीलाल खटीक, डॉ. पंकज बोराणा, पार्षद अशोक नागदा, प्रकाश अग्रवाल, मीडिया प्रभारी चंचल अग्रवाल, शहर मीडिया प्रभारी सीमा चम्पावत, कृष्णकांत कुमावत, दुदाराम डांगी, गोविंद दीक्षित पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *