एनएच-162ई की अवाप्त भूमि से हटाए गए अतिक्रमण
Share
हाईकोर्ट के निर्देश पर प्रशासन की कार्रवाई, बड़गांव क्षेत्र में 85 अतिक्रमण चिह्नित
उदयपुर, 7 जुलाई: उच्च न्यायालय के निर्देशों की पालना में जिला प्रशासन ने मंगलवार को नेशनल हाईवे-162ई की अवाप्त भूमि (आरओडब्ल्यू) पर बने अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई की। जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल के निर्देश पर बड़गांव उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत कठार के कठार एवं तुला गांव में हाईवे अथॉरिटी और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने निर्माण हटाकर अवाप्त भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया।
कार्रवाई के दौरान बड़गांव तहसीलदार हितेश त्रिवेदी, नायब तहसीलदार रमेश राजपुरोहित, भू-अभिलेख निरीक्षक किशनलाल एवं पटवारी राजेन्द्र सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए गोगुन्दा थाना पुलिस के एएसआई भरत सिंह पुलिस जाप्ते के साथ तैनात रहे।
बड़गांव एसडीएम मनसुख डामोर ने बताया कि एनएच-162ई के बड़गांव क्षेत्र में अब तक 85 स्थानों पर अतिक्रमण चिन्हित किए गए हैं। जिला कलक्टर के निर्देशानुसार चरणबद्ध अभियान चलाकर सभी अतिक्रमण हटाए जाएंगे, ताकि राष्ट्रीय राजमार्ग की अवाप्त भूमि को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त किया जा सके। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
