पदोन्नति सूची में त्रुटि सुधरी: 100 से अधिक कर्मचारियों की चयन तिथि संशोधित
Share
उदयपुर, 6 मई: संयुक्त निदेशक, स्कूल शिक्षा उदयपुर संभाग द्वारा जारी पदोन्नति आदेश में हुई त्रुटि को तत्परता से सुधारते हुए संशोधित चयन सूची जारी कर दी गई है। 3 मई 2026 को जारी आदेश में वरिष्ठ सहायक से सहायक प्रशासनिक अधिकारी पद पर पदोन्नत कार्मिकों की चयन तिथि में गलत अंकन हो गया था, जिससे संबंधित कर्मचारियों को वेतन वृद्धि और राज्य स्तरीय वरिष्ठता में नुकसान होने की आशंका बन गई थी।
इस त्रुटि को लेकर प्रभावित मंत्रालयिक कर्मचारियों ने राजस्थान मंत्रालयिक कर्मचारी परिषद के प्रदेश अध्यक्ष अरविन्द सिंह राव के समक्ष रोष जताया। मामले की गंभीरता को देखते हुए राव ने संयुक्त निदेशक प्रमोद कुमार सुथार से तुरंत वार्ता कर त्रुटि सुधार की मांग की। साथ ही, समय पर संशोधन नहीं होने पर कार्यालय घेराव की चेतावनी भी दी गई।
परिणामस्वरूप, 5 मई 2026 की रात को ही संशोधन आदेश जारी कर दिया गया। इसमें मंडल स्तर के 100 से अधिक पदोन्नत कर्मचारियों की चयन तिथि सुधारकर 1 अप्रैल 2025 कर दी गई है। इस निर्णय से प्रभावित कर्मचारियों में खुशी की लहर है। सभी ने संगठन और उसके नेतृत्व का आभार जताते हुए इसे उनकी एकजुटता और सक्रियता का परिणाम बताया।
