शादी में गया परिवार, पीछे से सूने मकान में दो करोड़ की चोरी
Share
81 किलो चांदी, सोने के जेवर और ढाई लाख नकद ले उड़े चोर, CCTV में कैद हुई वारदात
बांसवाड़ा, 7 मई: बांसवाड़ा जिले के कुशलगढ़ कस्बे में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए करोड़ों रुपए के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। रतलाम रोड स्थित मकान में हुई इस बड़ी चोरी की वारदात में बदमाश करीब 81 किलो चांदी, 232 ग्राम सोने के आभूषण और ढाई लाख रुपए नकद चोरी कर ले गए। पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी गए सामान की कीमत करीब दो करोड़ रुपए से अधिक बताई जा रही है।
घटना के समय मकान मालिक जितेंद्र कुमार दोसी परिवार सहित उज्जैन के बड़नगर में रिश्तेदारी के विवाह समारोह में शामिल होने गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने सुनसान मकान को निशाना बना लिया।
रात में तोड़ा ताला, तिजोरियां खंगाली
जानकारी के अनुसार परिवार 4 मई को विवाह कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बाहर गया था। 6 मई की रात करीब 3 से 4 बजे के बीच अज्ञात चोर मकान के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसे। इसके बाद बदमाशों ने अलमारियों और तिजोरियों के लॉक तोड़ दिए। चोर घर में रखे चांदी और सोने के जेवरों के साथ नकदी भी ले गए। बताया जा रहा है कि चोर सामान को कट्टों में भरकर अपने साथ ले गए। वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
चोरी की यह पूरी घटना पास की एक मोबाइल दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में संदिग्ध बदमाश कट्टों में सामान भरकर ले जाते नजर आ रहे हैं। पुलिस अब इन्हीं फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है। सुबह पड़ोसियों ने मकान के टूटे ताले और बिखरा सामान देखा तो तुरंत इसकी सूचना मकान मालिक और पुलिस को दी। सूचना मिलने पर परिवार मौके पर पहुंचा तो घर का सामान अस्त-व्यस्त मिला।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही कुशलगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है कुशलगढ़ थाने के एएसआई धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। कस्बे में इतनी बड़ी चोरी की घटना के बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भय और नाराजगी का माहौल है।
