शराब के नशे में पिता ने बच्चों को पीटा, तीन साल के बेटे की मौत
Share
आनंदपुरी के जुनी टिंबी गांव की घटना, दूसरा बच्चा गंभीर; मां की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया मामला
आनंदपुरी, 10 नवम्बर: बांसवाड़ा जिले के आनंदपुरी थाना क्षेत्र के जुनी टिंबी गांव में एक पिता पर शराब के नशे में अपने दो बच्चों के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना में तीन साल के बेटे की मौत हो गई, जबकि दूसरा बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बच्चे का अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मां की शिकायत पर आरोपी पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आरोपी की पहचान खेमराज पारगी के रूप में हुई है। बच्चों की मां सुनीता ने आरोप लगाया कि खेमराज शराब के नशे में था और इसी दौरान उसने दोनों बच्चों के साथ मारपीट की। मारपीट में तीन साल के बेटे को गंभीर चोटें आईं। उसकी हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। दूसरा बच्चा भी मारपीट में घायल हुआ है और उसका उपचार जारी है।
मां ने थाने में दर्ज कराई शिकायत
बच्चों की मां सुनीता ने आनंदपुरी थाने में खेमराज पारगी के खिलाफ शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। शिकायत में उसने पति पर शराब के नशे में दोनों बच्चों को पीटने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। घटना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक जानकारी जुटाई।
पुलिस ने मृत बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।







