फादर्स डे पर होगा पिता सम्मान समारोह, सेहत के प्रति जागरूकता का संदेश
Share
लायंस क्लब अशोका पहल पर कार्यक्रम होगा आयोजित
उदयपुर, 2 जून: फादर्स डे के अवसर पर गीतांजली हॉस्पिटल एंड मेडिकल कॉलेज (जीएमसीएच) एवं लायंस क्लब अशोका के संयुक्त तत्वावधान में 20 जून को भव्य पिता सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। जीएमसीएच ऑडिटोरियम में दोपहर 3 से शाम 7 बजे तक होने वाले इस कार्यक्रम में शहर के पिताओं और उनके परिवारों को आमंत्रित किया गया है। आयोजन का उद्देश्य केवल फादर्स डे मनाना नहीं, बल्कि पिता के स्वास्थ्य और उनके योगदान के प्रति समाज को जागरूक करना भी है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चे अपने पिता को मंच पर सम्मानित कर सकेंगे और उनके प्रति प्रेम, सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करेंगे। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पिताओं का भी सम्मान किया जाएगा।
स्वस्थ पिता, सशक्त परिवार का आधार
जीएमसीएच के सीईओ ऋषि कपूर ने कहा कि पिता परिवार की जरूरतों को अपनी जरूरतों से पहले रखते हैं, लेकिन अक्सर अपनी सेहत की अनदेखी कर देते हैं। ऐसे में उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बेहद जरूरी है। लायंस क्लब अशोका के संस्थापक अध्यक्ष मुकेश माधवानी ने कहा कि पिता परिवार की मजबूत नींव होते हैं और उनके सम्मान के साथ स्वास्थ्य संरक्षण का संदेश देना समय की आवश्यकता है।
आयोजकों ने कहा कि फादर्स डे का सबसे बड़ा उपहार कोई वस्तु नहीं, बल्कि पापा की अच्छी सेहत और उनकी देखभाल है।
