LOADING

Type to search

नवंबर में भी गर्मी का अहसास, पिछले साल से 5-6 डिग्री ज्यादा तापमान

Local

नवंबर में भी गर्मी का अहसास, पिछले साल से 5-6 डिग्री ज्यादा तापमान

Share

दिन में 34 डिग्री तक पहुंचा पारा, रात का न्यूनतम तापमान भी 15 डिग्री के आसपास
उदयपुर, 10 नवम्बर:
उदयपुर में नवंबर का पहला पखवाड़ा बीतने के करीब है, लेकिन इस बार सर्दी का असर पिछले साल की तुलना में काफी कम है। दिन में तेज धूप के कारण गर्मी महसूस हो रही है और अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। वहीं रात का तापमान भी 15 से 16 डिग्री के आसपास बना हुआ है। मौसम के आंकड़ों में पिछले साल और इस साल के बीच दिन तथा रात के तापमान में स्पष्ट अंतर दिखाई दे रहा है।
पिछले साल 8 नवंबर को न्यूनतम तापमान गिरकर 9.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। इसके मुकाबले इस साल 8 नवंबर को न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री दर्ज हुआ। यानी दोनों वर्षों के आंकड़ों में करीब छह डिग्री का अंतर है। इस बार नवंबर के शुरुआती दिनों में रातें अपेक्षाकृत गर्म बनी हुई हैं।
दिन के तापमान में भी बड़ा अंतर
इस साल 1 नवंबर को अधिकतम तापमान 29.8 और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इसके बाद दिन के तापमान में बढ़ोतरी हुई और 8 नवंबर को यह 34.1 डिग्री तक पहुंच गया। 9 नवंबर को भी अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री दर्ज हुआ। इसके मुकाबले पिछले साल 8 नवंबर को अधिकतम तापमान 28.2 और 9 नवंबर को 28.8 डिग्री था। यानी इस बार इन तारीखों पर दिन का तापमान करीब पांच से छह डिग्री अधिक रहा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *