LOADING

Type to search

अजमेर मंडल में टिकट चेकिंग स्टाफ का सम्मान

Local

अजमेर मंडल में टिकट चेकिंग स्टाफ का सम्मान

Share

जुलाई में निर्धारित लक्ष्य हासिल करने वाले कर्मचारियों को मंडल रेल प्रबंधक ने किया प्रोत्साहित
उदयपुर, 11 सितंबर
: उत्तर-पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल कार्यालय सभागार में टिकट चेकिंग कार्य प्रदर्शन की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा की अध्यक्षता में हुई बैठक में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव, मंडल सुरक्षा आयुक्त योगेंद्र कुमार, सहायक वाणिज्य प्रबंधक राजकुमार स्वर्णकार और राजकुमार उधवानी सहित अधिकारी व टिकट चेकिंग कर्मचारी मौजूद रहे। बैठक में राजस्व अर्जन, बिना टिकट यात्रा की रोकथाम और चेकिंग व्यवस्था को मजबूत करने को लेकर समीक्षा की गई। जुलाई 2026 में निर्धारित लक्ष्यों को उत्कृष्टता से हासिल करने तथा सराहनीय राजस्व अर्जित करने वाले टिकट चेकिंग कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। सम्मानित कर्मचारियों में नसरुल आबिदीन, जितेंद्र गुर्जर, देवीलाल, विक्रम सिंह और दिलीप कुमार शामिल रहे। मंडल रेल प्रबंधक और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने कर्मचारियों के समर्पण की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी निष्ठा से कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

उत्तराखंड में आदिवासी मुद्दों को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन
बंशीलाल मीणा के नेतृत्व में राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन, भाजपा अध्यक्ष के पुतले का दहन
हल्द्वानी, 11 सितंबर :
अखिल भारतीय आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय समन्वयक एवं उत्तराखंड प्रभारी बंशीलाल मीणा के उत्तराखंड दौरे के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विभिन्न जनहित और आदिवासी मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया। बंशीलाल मीणा के नेतृत्व में उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोपाल सिंह राणा और कार्यकर्ताओं ने मध्य प्रदेश के रीवा में आदिवासी बच्चों की मृत्यु के मामले में जवाबदेही तय करने और उचित कार्रवाई की मांग को लेकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। इसके बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के पुतले का दहन कर विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी भी की। कार्यक्रम में एससी विभाग के जिलाध्यक्ष प्रवीण सालवी और खेरवाड़ा विधानसभा अध्यक्ष दीपक मीणा सहित कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। मीणा ने कहा कि जनहित और आदिवासी समाज से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस लगातार संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने को लेकर पदाधिकारियों से चर्चा भी की।

पेड़ पर फंदे से लटका मिला 16 वर्षीय नाबालिग, मौत
अहमदाबाद के होटल में करता था काम, आठ-दस दिन पहले लौटा था घर; पुलिस जांच में जुटी
डूंगरपुर, 11 सितंबर:
डूंगरपुर के भण्डारिया गांव में 16 वर्षीय नाबालिग का शव महुए के पेड़ से लटका मिला। मृतक की पहचान हरीश रोत के बेटे बादल के रूप में हुई है। शुक्रवार सुबह स्कूल जा रहे बच्चों ने पेड़ पर शव देखा तो परिजनों और ग्रामीणों को सूचना दी। बादल अहमदाबाद के एक होटल में काम करता था और करीब आठ-दस दिन पहले ही घर लौटा था। परिजनों के अनुसार गुरुवार रात परिवार ने साथ खाना खाया था। इसके बाद बादल रात करीब 11 बजे तक घर के आंगन में मोबाइल चलाता रहा और फिर सोने चला गया। सुबह करीब 7 बजे बच्चों ने उसका शव पेड़ पर देखा। सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव नीचे उतरवाकर डूंगरपुर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चला है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *