पुलिसकर्मियों को राखी बांधकर छात्राओं ने दिया सुरक्षा का संदेश
Share
खेरवाड़ा, 27 अगस्त (फूलशंकर डामोर): राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परसाद की कक्षा 12 की छात्राओं ने रक्षाबंधन पर पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता जताते हुए थाने पहुंचकर राखियां बांधीं। छात्राओं ने थाना अधिकारी गोपाल कृष्ण, आसूचना अधिकारी कालूराम सहित पुलिस जवानों का तिलक किया, आरती उतारी और रक्षासूत्र बांधकर मिठाई खिलाई। पुलिसकर्मी त्योहार के दिन भी ड्यूटी पर रहकर लोगों की सुरक्षा करते हैं। छात्राओं की इस पहल से पुलिसकर्मियों ने भी खुशी जताई। थाना अधिकारी गोपाल कृष्ण ने कहा कि छात्राओं के स्नेह से उन्हें परिवार जैसा अपनापन महसूस हुआ। पुलिसकर्मियों ने छात्राओं को सुरक्षा का भरोसा देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उपहार भेंट किए।

