आज रवाना होंगे प्रथम चरण के मतदान दल
Share
सुबह 8 बजे से अंतिम प्रशिक्षण, निर्वाचन सामग्री और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
उदयपुर, 20 अक्टूबर: पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के प्रथम चरण के मतदान के लिए बुधवार को मतदान दल रवाना होंगे। प्रशासन ने अंतिम प्रशिक्षण, निर्वाचन सामग्री वितरण, परिवहन और सुरक्षा सहित सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर गौरव अग्रवाल ने अधिकारियों को समय पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
सुबह 8 बजे से प्रशिक्षण
मतदान दलों का अंतिम प्रशिक्षण सुबह 8 बजे से सुखाड़िया रंगमंच, नगर निगम और पीएम श्री राजकीय फतह उच्च माध्यमिक विद्यालय में होगा। झाड़ोल, फलासिया, कुराबड़, वल्लभनगर, गिर्वा, ओगणा, भिंडर, नाई, मावली और घासा पंचायत समितियों के दलों को प्रशिक्षण के बाद निर्वाचन सामग्री देकर निर्धारित केंद्रों के लिए रवाना किया जाएगा।
सुरक्षा और सामग्री संग्रहण पर जोर
ईवीएम, स्टेशनरी और अन्य सामग्री के वितरण के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं। मतदान दलों के लिए वाहनों के साथ रवानगी स्थलों पर पेयजल, बिजली और चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। मतदान के बाद ईवीएम और सीलबंद सामग्री निर्धारित केंद्रों पर जमा होगी। स्ट्रांग रूम में सुरक्षित भंडारण और पुलिस सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने वाले कार्मिकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई होगी।

