‘अमर विजय दिवस’ से शुरू हुए ठाकुर अमरचंद बड़वा की 305वीं जयंती के पांच दिवसीय समारोह
Share
1769 में मराठा सेना पर मेवाड़ की ऐतिहासिक विजय को किया नमन, दूधतलाई स्थित माणिक्य लाल वर्मा पार्क में हुआ शुभारंभ
उदयपुर, 20 जुलाई: मेवाड़ के यशस्वी प्रधान और कुशल युद्धनीतिकार ठाकुर अमरचंद बड़वा की 305वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित पांच दिवसीय समारोह का शुभारंभ रविवार को ‘अमर विजय दिवस’ के रूप में मनाया गया। ठाकुर अमरचंद बड़वा स्मृति संस्थान के तत्वावधान में दूधतलाई स्थित माणिक्य लाल वर्मा पार्क में आयोजित कार्यक्रम में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
संस्थान के अध्यक्ष प्रो. विमल शर्मा ने बताया कि वर्ष 1769 में महादजी सिंधिया की सेना ने मेवाड़ पर आक्रमण किया था। उस समय प्रधान एवं सेनापति ठाकुर अमरचंद बड़वा के नेतृत्व में राजपूत योद्धाओं ने नगर के द्वारों और दुर्गों की सुदृढ़ रक्षा कर मराठा सेना को उदयपुर में प्रवेश नहीं करने दिया। छह माह तक चले संघर्ष के बाद 21 जुलाई 1769 को मराठा सेना को उदयपुर छोड़कर लौटना पड़ा, जिसे आज ‘अमर विजय दिवस’ के रूप में स्मरण किया जाता है।
महासचिव डॉ. राजेंद्र नाथ पुरोहित ने कार्यक्रम की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि बताई, जबकि संगठन सचिव जय किशन चौबे ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए 30 जुलाई को आयोजित वाहन रैली में अधिकाधिक भागीदारी का आह्वान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों ने पुष्पांजलि अर्पित कर ठाकुर अमरचंद बड़वा के योगदान को नमन किया।
कार्यक्रम में पुष्पांजलि अर्पित करने वालों में मनोहर लाल मूंदड़ा, संध्या शर्मा रावल, राजेंद्र प्रसाद सनाढ्य, इंद्र सिंह राणावत, हरीश रावल, कमलेश पुरोहित, श्रीरत्न मोहता, डॉ रमाकांत शर्मा, चैन शंकर दशोरा, विभोर रावल, हाजी सरदार मोहम्मद, बद्री लाल भारद्वाज, नयन कुमार बड़वा, डॉ विमल शर्मा, बाबूलाल शर्मा, राजेंद्र प्रसाद, सुरेश तंबोली, राजेंद्र नाथ पुरोहित, दुर्गेश पुरोहित सहित अन्य मौजूद थे।
