गोरसिया रिजर्व फॉरेस्ट में अतिक्रमण पर वन विभाग की कार्रवाई
Share
झोंपड़ियां और अस्थायी बाड़े हटाए, वन सीमा पर खाई खुदवाई; 1944 से आरक्षित है 1270 हेक्टेयर वन क्षेत्र
चित्तौड़गढ़, 30 अगस्त: विजयपुर रेंज के गोरसिया रिजर्व फॉरेस्ट में वन विभाग ने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वन भूमि पर बनाई गई झोंपड़ियां और अस्थायी बाड़े हटाए। देवडुगरी और जवासिया गांव की आबादी से सटी वन भूमि पर कुछ लोगों ने नए कब्जे शुरू कर दिए थे। सूचना मिलने पर विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर पुराने अधिसूचित नक्शों और स्थायी सीमा चिन्हों से वन सीमा का मिलान किया। नए अस्थायी अतिक्रमण मिलने पर उन्हें तत्काल हटाया गया।
भविष्य में दोबारा कब्जे की कोशिश रोकने के लिए वन सीमा पर खाई (ट्रेंच) खुदवाई गई और जरूरत वाले स्थानों पर फेंसिंग कराई गई।
1270 हेक्टेयर में फैला है आरक्षित वन
उप वन संरक्षक वी. केतन कुमार ने बताया कि गोरसिया वनखंड 1944 से आरक्षित वन है और करीब 1270 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला है। इसकी सीमा की पहचान के लिए 137 बाउंड्री पिलर लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि इतने बड़े वन क्षेत्र की सुरक्षा विभाग की प्राथमिकता है और नियमित सर्वे व निगरानी की जाती है।
सहायक वन संरक्षक भावना शर्मा की निगरानी में क्षेत्रीय वन अधिकारी भूपेंद्र सिंह शक्तावत, वनपाल मनोहर सिंह जाट और वनरक्षक मेघनाथ, नारायण सिंह, महेंद्र सिंह व योगेश गुर्जर ने मौके पर रहकर सीमा की निशानदेही और ट्रेंच निर्माण कराया। विभाग ने स्पष्ट किया कि वन भूमि पर अतिक्रमण या अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

