LOADING

Type to search

10 नवम्बर को मनाई जाएगी गोवर्धन पूजा, मंदिरों में सजेगा अन्नकूट

dharm

10 नवम्बर को मनाई जाएगी गोवर्धन पूजा, मंदिरों में सजेगा अन्नकूट

Share

सुबह 6:41 से 8:51 बजे तक पूजा का शुभ मुहूर्त, भगवान श्रीकृष्ण को लगाया जाएगा 56 भोग
उदयपुर, 9 नवम्बर:
दीपावली के बाद मंगलवार, 10 नवम्बर को गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव मनाया जाएगा। इस अवसर पर मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण की विशेष पूजा-अर्चना के साथ अन्नकूट के दर्शन और 56 भोग की परंपरा निभाई जाएगी। इस बार गोवर्धन पूजा की तिथि को लेकर 9 और 10 नवम्बर के बीच असमंजस की स्थिति है। हालांकि उदया तिथि के अनुसार 10 नवम्बर को पूजा करना शुभ माना गया है। कुछ स्थानों पर परंपरा के अनुसार 9 नवम्बर की रात को भी अन्नकूट आयोजन होंगे।


सुबह और शाम दोनों समय पूजा का मुहूर्त
पंचांग के अनुसार कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा तिथि 9 नवम्बर को दोपहर 12:31 बजे शुरू होकर 10 नवम्बर को दोपहर करीब 2 बजे तक रहेगी। द्रिक पंचांग के अनुसार 10 नवम्बर को सुबह 6:41 से 8:51 बजे तक प्रात:कालीन पूजा मुहूर्त रहेगा। वहीं शाम को 5:30 से 5:56 बजे तक गोधूलि मुहूर्त है। स्थानीय पंचांग के अनुसार समय में अंतर संभव है।
गोबर से बनाते हैं गोवर्धन पर्वत
गोवर्धन पूजा के दिन घर के आंगन या मुख्य द्वार के पास गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाई जाती है। इसे फूलों से सजाकर गाय, बछड़े और पेड़-पौधों की आकृतियां बनाई जाती हैं। इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा या चित्र स्थापित कर रोली, चंदन, फूल, धूप और नैवेद्य अर्पित किया जाता है। श्रद्धालु गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा कर सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।
इसलिए लगाया जाता है 56 भोग
धार्मिक मान्यता के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण ने इंद्रदेव के प्रकोप से ब्रजवासियों की रक्षा के लिए अपनी छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठाया था। सात दिनों तक ब्रजवासियों को पर्वत के नीचे आश्रय देने के बाद उन्हें 56 प्रकार के पकवानों का भोग लगाया गया। इसी मान्यता से अन्नकूट और 56 भोग की परंपरा जुड़ी है। अन्नकूट का अर्थ अन्न का पहाड़ है। इस दिन विभिन्न प्रकार के पकवान, मिठाइयां और सब्जियों को पर्वत के आकार में सजाकर भगवान को अर्पित किया जाता है। बाद में प्रसाद श्रद्धालुओं में वितरित किया जाता है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *