1 अप्रैल से बदलेगा स्कूल, आंगनबाड़ी और अस्पताल का समय
Share
ओपीडी सुबह 8 से 2 बजे तक, स्कूलों की नई टाइमिंग लागू
उदयपुर, 31 मार्च : शहर में 1 अप्रैल से स्कूलों, अस्पतालों और आंगनबाड़ी केंद्रों के समय में बदलाव किया जा रहा है। गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने यह नई समय-सारिणी लागू की है, जिससे विद्यार्थियों और मरीजों को राहत मिलेगी। पन्नाधाय राजकीय महिला चिकित्सालय और एमबी अस्पताल में 1 अप्रैल से 30 सितंबर तक ओपीडी सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक संचालित होगी। वहीं रविवार और अवकाश के दिनों में ओपीडी का समय सुबह 9 से 11 बजे तक रहेगा। सरकारी स्कूलों की समय-सारिणी में भी बदलाव किया गया है। एक पारी में संचालित स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेंगे। वहीं दो पारी वाले स्कूल सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक संचालित होंगे, जिसमें प्रत्येक पारी की अवधि 5 घंटे 30 मिनट निर्धारित की गई है। आंगनबाड़ी केंद्रों का नया समय 3 अप्रैल से लागू होगा। ये केंद्र सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक, यानी चार घंटे संचालित किए जाएंगे।
