‘हरिहरानंद नीति’ पुस्तक का कल होगा भव्य विमोचन
Share
कुराबड़, 28 जून: कुराबड़ कस्बे के ब्रह्मपुरी स्थित प्राचीन श्री चारभुजानाथ एवं श्री चन्द्रमौलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में चल रहे द्वि-दिवसीय ध्वजदंड एवं शिखर कलश स्थापना महोत्सव के दूसरे दिन सोमवार को आध्यात्मिक और धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला के बीच योग साधक परम पूज्य 1008 स्वामी हरिहरानंद जी महाराज की कृति ‘हरिहरानंद नीति’ का भव्य विमोचन किया जाएगा। कपिलदेव आमेटा द्वारा संपादित इस पुस्तक में 108 दोहे और 108 श्लोक संकलित हैं। आयोजन को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमियों में विशेष उत्साह है तथा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। हरिहरानंद विचार मंच के तत्वावधान में आयोजित समारोह में अवधेश चैतन्य ब्रह्मचारी महाराज तथा महंत तन्मय वनजी महाराज का सानिध्य प्राप्त होगा। मुख्य वक्ता के रूप में आचार्य पुष्करलाल आमेटा पुस्तक की आध्यात्मिक महत्ता पर प्रकाश डालेंगे। सोमवार सुबह वेद मंत्रोच्चार के बीच मंदिर शिखर पर ध्वजदंड एवं कलश स्थापना, दोपहर में महायज्ञ की पूर्णाहुति, इसके बाद पुस्तक विमोचन और सायंकाल महाप्रसादी का आयोजन होगा।
