LOADING

Type to search

अंबेडकर जयंती पर उदयपुर में निकली भव्य रैलियां, 356 प्रतिभाओं का सम्मान

Local

अंबेडकर जयंती पर उदयपुर में निकली भव्य रैलियां, 356 प्रतिभाओं का सम्मान

Share

दो अलग-अलग रूट से निकले जुलूस, संविधान की शपथ के साथ हुआ मुख्य समारोह
उदयपुर, 14 अप्रैल:
अंबेडकर जयंती के अवसर पर उदयपुर शहर में उत्साह और श्रद्धा के साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर निकाली गई रैलियों में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। शहर में दो अलग-अलग रूट से भव्य जुलूस निकले, जिनमें झांकियां, गवरी नृत्य, बैंड और साउंड सिस्टम के साथ देशभक्ति गीतों ने माहौल को जोश से भर दिया।
बाबा साहब अमर रहे के गूंजे नारे
रैलियों में शामिल लोग डीजे और गाजे-बाजे के साथ “बाबा साहब अमर रहे” के नारे लगाते हुए आगे बढ़े। एक रैली कोर्ट सर्किल से शुरू होकर देहलीगेट, टाउनहॉल, सूरजपोल, बापू बाजार, अश्विनी बाजार, हाथीपोल और चेतक सर्किल होते हुए पुनः कोर्ट चौराहा पहुंची। दूसरी रैली भीलूराणा सर्किल से निकली और शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए मुख्य स्थल पर पहुंची। रैलियों के दौरान यातायात व्यवस्था में बदलाव भी किया गया।
356 विद्यार्थियों का सम्मान, विचारों का स्मरण
मुख्य समारोह में 356 एससी-एसटी प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं का सम्मान किया गया। वक्ताओं ने बाबा साहब के सामाजिक न्याय, समानता और संविधान निर्माण में योगदान को याद किया और उनके विचारों को अपनाने का आह्वान किया।
संविधान की शपथ, अधिकारियों की भागीदारी
कोर्ट चौराहा पर आयोजित कार्यक्रम में जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल सहित अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने संविधान की शपथ ली। वहीं कलेक्ट्रेट स्थित डीओआईटी सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह का सीधा प्रसारण भी देखा गया।
कन्या छात्रावास का लोकार्पण
इस अवसर पर 280 लाख रुपए की लागत से निर्मित ईडब्ल्यूएस कन्या छात्रावास का लोकार्पण भी किया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों और आमजन की उपस्थिति रही।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *